जीरोमाइल-मिर्जाचौकी NH-80 का निर्माण कार्य अब इस वजह से अटका, फिलहाल बनेगा नाला

जीरोमाइल-मिर्जाचौकी सड़क बनाने के लिए तैयार है, तो इसमें एक नयी अड़चन आ गयी है. फ्लाई ऐश नहीं मिलने लगा है. इस कारण हाइवे निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा.

भागलपुर: पहले एजेंसी नहीं मिली. एजेंसी जब मिली, तो फॉरेस्ट क्लीयरेंस नहीं मिला. अभी फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिला है और एजेंसी भी एनएच 80 के जीरोमाइल-मिर्जाचौकी सड़क बनाने के लिए तैयार है, तो इसमें एक नयी अड़चन आ गयी है. फ्लाई ऐश नहीं मिलने लगा है. इस कारण हाइवे निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा.

फ्लाई ऐश एनटीपीसी से जब मिलने लगेगा, तो हाइवे भी बनने लगेगा. यह कंक्रीट का रोड बनेगा यानी, पेवमेंट क्वालिटी कंक्रीट (पीक्यूसी) का निर्माण होना है. जीरोमाइल से मिर्जाचौकी के बीच 484.88 करोड़ रुपये से सड़क बननी है. घोरघट से मिर्जाचौकी के बीच शहरी पार्ट छोड़ कर 971 करोड़ से कंक्रीट रोड बनाने की मिनिस्ट्री ने पहले ही मंजूरी दे दी है. टेंडर फरवरी में फाइनल हुआ है. हाइवे बनाने का काम चयनित ठेका एजेंसी अरुणाचल प्रदेश की टीटीसी इंफ्रा इंडिया को मिली है.

क्यों नहीं मिल रहा हाइवे बनाने के लिए फ्लाइ ऐश

सड़क निर्माण में फ्लाई ऐश के उपयोग की अनिवार्यता की गयी है. जीरोमाइल से मिर्जाचौकी के बीच सड़क चौड़ीकरण व मजबूतीकरण कार्य में फ्लाइ ऐश का उपयोग होना है. यह नजदीकी थर्मल पवर यानी, एनटीपीसी कहलगांव लिया जाना है. एनटीपीसी के कांट्रैक्टर की बहाली के लिए टेंडर फाइनल नहीं हुआ है. एक बार टेंडर जब फाइनल हो जायेगा और कांट्रैक्टर की बहाली हो जायेगी, तो फ्लाई ऐश मिलने लगेगा. इसके बाद हाइवे का भी निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा.

फिलहाल बनेगा नाला, अगले सप्ताह से शुरू होगा काम

जबतक सड़क नहीं बनेगी, तबतक नाले का निर्माण कराया जायेगा. अगले सप्ताह से नाले का काम शुरू होगा. ठेका एजेंसी से कह दिया गया है और उनकी ओर से भी सहमति जता दी गयी है. वहीं, नाला निर्माण के लिए तैयारी भी पूरी कर ली गयी है. नाला बनते-बनते अगर एनटीपीसी का कांट्रैक्टर बहाल हो जायेगा, तो फिर सड़क बनने लगेगी. जीरोमाइल से पीरपैंती के बीच सड़क की दोनों ओर ड्रेन बनेगा. इसका उपयोग फुटपाथ के रूप में होना है.

कहलगांव और पीरपैंती के बीच बनेगा टोल प्लाजा

घोरघट से मिर्जाचौकी के बीच हाइवे दो हिस्से में बनेगी. सड़क 10 मीटर चौड़ी की जायेगी. आवश्कता अनुसार कुछ जगहों पर तीन तो कुछ जगहों पर सड़क फोरलेन भी होगी. कई पुल व 100 कलवर्ट का निर्माण होना है. सड़क किनारे पौधारोपण होना है. कहलगांव और पीरपैंती के बीच टोल प्लाजा बनना है. सड़क निर्माण में 883.76 करोड़ रुपये खर्च होंगे. जीरोमाइल से सबौर खनकिता के बीच 12 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी. यातायात के दृष्टिकोण से जीरोमाइल चौक के पास जंक्शन बनना है. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क तीन-चार फीट ऊंची की जायेगी.

घोरघट टू मिर्जाचौकी हाइवे

  • सड़क निर्माण : 02 चरणों में होगा

  • लंबाई- जीरोमाइल से मिर्जाचौकी : 70 किमी

  • घोरघट से दोगच्छी : 28 किमी

लागात

  • घोरघट (मुंगेर) से दोगच्छी : 398.88 करोड़ रुपये

  • जीरोमाइल से मिर्जाचौकी : 484.88 करोड़ रुपये

थर्मल पावर के कांट्रैक्टर का टेंडर फाइनल नहीं हुआ है. इस कारण से फ्लाइ ऐश नहीं मिल रहा है. तब तक ड्रेनेज का निर्माण ठेका एजेंसी करायेगी. यह काम अगले सप्ताह तक में शुरू हो जायेगा. इसके बाद फ्लाइ ऐश मिलने लगेगा, तो सड़क भी बनने लगेगी. सड़क निर्माण में अब कोई अड़चन नहीं है- मो. शकीर अली, चीएफ इंजीनियर, एनएच विंग (साउथ), पटना

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar digital desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >