Roshan Anand : बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद मंगलवार को बाढ़ प्रभावित भागलपुर पहुंचे. उन्होंने पटना से राहत सामग्री लेकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों से मुलाकात की और उनके बीच राहत सामग्री का वितरण किया.
नाव के सहारे पहुंचायी राहत सामग्री
रौशन आनंद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाव के सहारे पहुंचे. उन्होंने बीच पानी में जाकर जरूरतमंद परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान बाढ़ पीड़ितों के बीच आवश्यक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया.
चावल, आटा, दाल समेत बांटी खाद्य सामग्री
राहत सामग्री में चावल, आटा, दाल, आलू, प्याज, नमक, ब्रेड, बिस्कुट और पीने का पानी शामिल था. जरूरत के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों को ये सामग्री उपलब्ध करायी गयी, ताकि उन्हें बाढ़ के दौरान खाद्य सामग्री के लिए परेशान नहीं होना पड़े.
जरूरतमंदों को दी सहायता राशि
रौशन आनंद ने कुछ जरूरतमंद बाढ़ पीड़ितों को सहायता राशि भी प्रदान की. उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना सभी की जिम्मेदारी है.
भागलपुर सबसे अधिक प्रभावित जिलों में
रौशन आनंद ने कहा कि बिहार के करीब 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. इनमें भागलपुर सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में है. इसी कारण वे यहां बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा.
