पटना. बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने एक बार फिर हवाई किराये में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी का विरोध किया है. उन्होंने उड़ान योजना पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि जब टैक्स में छूट है, तो किराये में इतनी बढ़ोतरी क्यों हो गयी है. उन्होंने कहा है कि दरभंगा से कोलकाता का हवाई किराया 37 हजार के पार चला गया है, यह खबर किसे परेशान नहीं करेगी ? दरभंगा एयरपोर्ट से निरंतर आसमान छूते हवाई किराये की सुध कब ली जाएगी? नयी सुविधाओं का निर्माण कब शुरू होगा?
आम दिनों में इतना किराया क्यों
संजय झा इस मसले पर पहले भी मुखर रहे हैं. वो एक बार फिर किराये को लेकर सवाल उठा रहे हैं. संजय झा कहते हैं कि त्योहार में तो किराया आसमान छूता ही है, अब आम दिनों में भी किराया इतना ज्यादा क्यों है? संजय झा कहते हैं कि उड़ान स्कीम के तहत शुरू हुए दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू की उड़ानों के लिए बिहार सरकार Aviation Turbine Fuel (ATF) पर सिर्फ 1% टैक्स लेती है, जबकि पटना और गया एयरपोर्ट के लिए टैक्स में छूट लागू नहीं है. इसके बावजूद आज पटना और गया की तुलना में दरभंगा एयरपोर्ट से आने-जाने का किराया काफी ज्यादा है. जोकि कम होना चाहिए था.
फ्लाइटों की संख्या कम होना मुख्य कारण
दरभंगा से हवाई सफर दिनों दिन महंगा होता जा रहा है. बिहार में अभी तीन शहरों से हवाई सेवा उपलब्ध है. पटना, गया और दरभंगा. दरभंगा एयरपोर्ट उड़ान योजना के तहत है. यहां एयरलाइंस कंपनियों को सरकार ने कई रियायतें दे रखी हैं. दरभंगा बिहार का सबसे अधिक मुनाफा देनेवाला एयरपोर्ट हैं. इसके बावजूद दरभंगा से दिल्ली और मुंबई की यात्रा दिनों दिन महंगी होती जा रही है. यहां तक की दरभंगा से कोलकाता का किराया 37 हजार के ऊपर चला गया है. इसके पीछे का कारण बताया जा रहा है कि दरभंगा से फ्लाइटों की संख्या कम कर दी गयी है.
