2019 में राजनीति में की एंट्री, अब सम्राट कैबिनेट में बने मंत्री, दीपक प्रकाश के बारे में जानिए सबकुछ

Deepak Prakash: रालोमो सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को सम्राट कैबिनेट में जगह दी गई. दीपक प्रकाश ने 2019 में राजनीति में एंट्री ली थी. अब वे बिहार सरकार में मंत्री बन गए हैं. दीपक प्रकाश सॉफ्टवेयर इंजीनियर भी हैं.

Deepak Prakash: सम्राट कैबिनेट में कई युवा चेहरों को शामिल किया गया है. इसमें उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश भी शामिल हैं. दीपक प्रकाश फिलहाल किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं. लेकिन इसके बावजूद उन्हें कैबिनेट में जगह दी गई. बीटेक की पढ़ाई करने वाले 36 साल के दीपक प्रकाश सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं.

2019 में राजनीति में ली थी एंट्री

जानकारी के मुताबिक, दीपक प्रकाश ने साल 2019 में राजनीति में एंट्री ली थी. इसके बाद से वह लगातार अपने पिता के साथ पार्टी के काम में सहयोग करते रहे. पटना से दीपक प्रकाश ने पढ़ाई की और उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई मणिपाल से की. किसी भी सदन का सदस्य रहे बिना सम्राट कैबिनेट में शामिल होने की वजह से वह फिर चर्चा में आ गए हैं.

2025 में भी दीपक प्रकाश बने थे मंत्री

इससे पहले दिसंबर 2025 में जब नीतीश कैबिनेट का विस्तार हुआ था, उस समय भी दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया था. दीपक प्रकाश पंचायती राज मंत्री बने थे. जानकारी के मुताबिक, राजनीति में दीपक प्रकाश की एंट्री सीधे चुनावी मैदान से नहीं हुई. उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत अपनी मां स्नेहलता के चुनाव प्रचार से की थी. सासाराम सीट से स्नेहलता ने चुनाव लड़ा और 25 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. इस चुनावी अभियान में दीपक की पत्नी साक्षी मिश्रा भी एक्टिव नजर आईं. जमीन पर उतरकर प्रचार करती भी दिखीं.

हलफनामे में दी गई जानकारी की वजह से छाए थे चर्चा में

25 दिसंबर 2025 को दाखिल हलफनामे के मुताबिक, दीपक प्रकाश करोड़पति हैं और उनकी अचल संपत्ति की कुल कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है. जेवरात के मामले में मंत्री दीपक प्रकाश के पास सिर्फ 15 ग्राम सोने की जानकारी दी गई थी, जिसकी कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई थी.

यह भी जानकारी दी गई थी कि दीपक प्रकाश की पत्नी साक्षी मिश्रा के पास कहीं अधिक आभूषण हैं. साक्षी के नाम पर 500 ग्राम सोना दर्ज है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये है. इसके साथ ही उनके पास 5 किलो चांदी भी है, जिसका मूल्य लगभग 10 लाख रुपये बताया गया था. आज शपथ ग्रहण के बाद उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी, सासाराम विधायक स्नेहलता कुशवाहा और दीपक प्रकाश की पत्नी साक्षी मिश्रा कुशवाहा ने विक्ट्री का साइन दिखाते हुए सेल्फी ली.

Also Read: सम्राट कैबिनेट के 32 मंत्रियों ने ली शपथ, निशांत कुमार और दीपक प्रकाश भी शामिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >