Darbhanga News: जिले के एपीएम थाना क्षेत्र के हवासा गांव निवासी एक युवक की कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए डीएमसीएच लेकर पहुंचे थे, जहां रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.
मृतक की पहचान हवासा गांव निवासी स्वर्गीय चौधरी सहनी के 45 वर्षीय पुत्र विनोद सहनी के रूप में हुई है.
पंजाब से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
मृतक के छोटे पुत्र अलिंदर सहनी ने बताया कि करीब एक माह पहले उसके माता-पिता धान रोपनी का काम करने पंजाब गए थे. दोनों वहीं मजदूरी कर रहे थे. इसी दौरान उसके पिता ने मां मीरा देवी से मकान पर जाने की बात कही, लेकिन वहां नहीं पहुंचे और अकेले ही ट्रेन से घर लौट आए.
शनिवार सुबह गांव पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई. उस समय अलिंदर कोचिंग गया हुआ था. सूचना मिलने पर वह घर पहुंचा तो देखा कि उसके पिता लगातार उल्टी कर रहे थे. इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया.
इलाज के दौरान मौत, कारण स्पष्ट नहीं
इलाज के दौरान रविवार को विनोद सहनी की मौत हो गई. मृतक अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बेंता थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल जहरीला पदार्थ खाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
