Darbhanga News: दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर मुरैठा हॉल्ट के समीप 23 नंबर रेल समपार के पास शनिवार को रेल लाइन किनारे एक अज्ञात किशोर का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी.
की-मैन ने रेल ट्रैक निरीक्षण के दौरान देखा शव
रेल पटरी के नियमित निरीक्षण के दौरान की-मैन की नजर रेल लाइन किनारे पड़े शव पर पड़ी. इसके बाद उसने गेटमैन और रेल अधिकारियों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर दोपहर करीब दो बजे जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची.
सात से दस दिन पुराना बताया जा रहा शव
प्रथम दृष्टया जीआरपी के अनुसार शव 13 से 14 वर्ष के किसी किशोर अथवा किशोरी का प्रतीत होता है, जो करीब सात से दस दिन पुराना है. शव पर वस्त्र नहीं थे और सिर पर बाल भी नहीं मिले. प्रारंभिक जांच में मामला रेल दुर्घटना से संबंधित नहीं लग रहा है. जीआरपी का अनुमान है कि आसपास की झाड़ियों से किसी जंगली जानवर ने शव को खींचकर रेल लाइन किनारे लाकर छोड़ दिया होगा.
शिनाख्त नहीं, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
