Darbhanga News: दरभंगा. लनामिवि के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए छात्रों को कालेज में वर्ग तक पहुंचना होगा. सभी विषयों में शिक्षक उपलब्ध हैं, लेकिन अधिकांश छात्र क्लास करने नहीं आ रहे हैं. बच्चों को पढ़ने के लिये कॉलेज कक्ष तक भेजना अभिभावकों को सुनिश्चित करना होगा. छात्रों में नैतिकता अभिभावकों को पैदा करनी होगी, ताकि वे अपने कर्तव्य को समझ सकें. बुधवार को जुबली हॉल में कुलपति पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे. परीक्षा में कदाचार रोकने में जिला प्रशासन का सहयोग नहीं मिलने की बात कुलपत ने कही.
लॉ कॉलेज की निरीक्षण टीम को एक शिक्षक ने किया मिसगाइड
सीएम लॉ कालेज में नामांकन चालू कराने के मुद्दे पर कुलपति ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देश पर गठित जांच कमेटी को कालेज निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक ने मिसलीड किया. कॉलेज के अभिलेख को उस शिक्षक ने टीम के सामने ही फर्जी बता दिया. वैसे टीम को जितना संतुष्ट करना संभव था उन्होंने एवं प्रधानाचार्य प्रो. दिलीप कुमार चौधरी ने किया. कुलपति ने संभावना जतायी कि जल्द ही नामांकन चालू हो जाएगा. कुलपति ने कहा कि उस शिक्षक पर कारवाई के लिये एक सप्ताह के भीतर प्रतिवेदन प्रधानाचार्य से मांगा था. बावजूद प्रधानाचार्य प्रो. चौधरी अबतक प्रतिवेदन नहीं दिये हैं. प्रतिवेदन मिलते ही उस शिक्षक को निलंबित किया जाएगा.डब्ल्यूआइटी को राष्ट्रीय मानचित्र पर लाने का प्रयास
कुलपति ने कहा कि देश के गिने चुने संस्थानों में डब्लूआइटी है. इसके समेकित विकास की आवश्यकता है. डब्ल्यूआइटी को राष्ट्रीय मानचित्र पर लाने का प्रयास किया जा रहा है. संस्थान को आधुनिक सुविधा सम्पन्न बनाने के लिए नये पाठ्यक्रमों की शुरुआत के साथ-साथ राज्य व केन्द्र सरकार से सम्पर्क स्थापित करने की कोशिश हो रही है. संरचनात्मक सुधार की कवायद तेज कर दी गई है.डीडीइ में नामांकन शुरू करने का प्रयास
दूरस्थ शिक्षा निदेशालय में नामांकन शुरू करने के लिए दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो से सम्पर्क की योजना को कार्य रूप दिया जा रहा है. वैसे इसमें तभी सफलता मिल सकती है, जब या तो यूजीसी अपने मानक में सुधार करे अथवा विश्वविद्यालय का नैक ग्रेड प्वाइंट उसके मानक के अनुकूल हो. कहा कि वैसे नैक के ग्रेड में सुधार को लेकर काम शुरू कर दिया गया है.खेल में विवि ने राष्ट्रीय स्तर पर बनायी अलग पहचानकहा कि विश्वविद्यालय को शोध विवि का दर्जा मिल गया है. इस आधार पर नामांकन लेने की अनुमति मिलने की उम्मीद है. वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग के अधीन संचालित एमबीए के विकास की पहल का निर्देश दिया गया है. कहा कि खेल में विवि ने राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनायी है. उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की अनुशंसा से 800 सीट वाले ऑडिटोरियम निर्माण की स्वीकृति मिल गई है. कहा कि अगले सत्र से खेल कोटा पर फिर से छात्रों का नामांकन होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
