दरभंगा: तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव में शनिवार की देर रात सर्पदंश से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान वार्ड 11 निवासी नुजा यादव की पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है. घटना शनिवार की रात करीब 12 से एक बजे के बीच की बतायी गयी है.
सोने के दौरान सांप ने पैर में डंसा
मृतका के देवर बबलू यादव ने बताया कि सोने के दौरान सांप ने पूनम देवी के दाएं पैर की अंगुली में काट लिया. इसके बाद परिजन उन्हें कुछ देर के लिए झाड़-फूंक कराने ले गये.
वहां से इनकार करने के बाद परिजन पूनम देवी को इलाज के लिए कुशेश्वरस्थान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गयी. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पति मजदूरी करते हैं, चार बच्चों को छोड़ गयीं
बताया गया कि मृतका के पति मजदूरी करते हैं. पूनम देवी अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गयी हैं. इनमें एक पुत्री की शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी.
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है.
यह भी पढ़ें
शिक्षिका की FIR के बाद प्रधान शिक्षक की बढ़ीं मुश्किलें, BEO की जांच में कई अनियमितताएं उजागर
