दरभंगा: सिंहवाड़ा प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय निस्ता में नामांकन, पंजीयन एवं फॉर्म शुल्क के नाम पर अधिक राशि वसूली का आरोप लगाते हुए छात्रों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. वीडियो के आधार पर रविवार को अभिभावक एवं जनप्रतिनिधि विद्यालय पहुंचे और विरोध जताया.
940 रुपये की रसीद देकर 1430 रुपये लेने का आरोप
छात्र मो. फरहान, बेलाल अहमद, मो. शाहिद, रेहान आरजू, हसन अनवर आदि ने आरोप लगाया कि 11वीं में नामांकन के लिए 940 रुपये की रसीद देकर 1430 रुपये वसूले गये.
हयातपुर के छात्र मो. इरकान ने बताया कि पंजीयन शुल्क के नाम पर 1430 रुपये लिये गये, जबकि सफेद रंग की रसीद दी गयी. छात्रों के अनुसार रसीद पर हस्ताक्षर और मुहर भी नहीं थी. छात्रों ने एचएम नितय चंद्र सेन एवं शिक्षक मो. जूही पर राशि वसूली का आरोप लगाया.
एचएम और शिक्षक नहीं मिले
मामले की जानकारी मिलने के बाद पंसस प्रतिनिधि शमीम रेयाज, उप सरपंच सुशील यादव, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि एजाज, मो. फहद, एहतेकाम, मो. खालिद, मो. लाडले, ललित कुमार, अजय कुमार आदि विद्यालय पहुंचे. हालांकि एचएम और संबंधित शिक्षक विद्यालय में अनुपस्थित मिले.
शैक्षणिक प्रभारी रमणजी देव ने बताया कि दोनों छुट्टी पर हैं. उन्होंने बताया कि विद्यालय में 18 शिक्षक हैं और कक्षा 9वीं से 12वीं तक कुल 354 छात्र नामांकित हैं.
महिला शिक्षिका ने छात्रों पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
इसी दौरान एक महिला शिक्षिका ने कुछ छात्रों पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया. ग्रामीणों ने ऐसे छात्रों को चिन्हित कर कार्रवाई करने की मांग की.
बाद में शिक्षकों की शिकायत पर सिंहवाड़ा थाना की पुलिस भी विद्यालय पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में शाम तक बैठक हुई.
एचएम ने आरोपों को बताया मनगढ़ंत
एचएम नितय चंद्र सेन ने छात्रों की ओर से लगाये गये आरोपों को मनगढ़ंत बताया.
वहीं, बीइओ विनोद कुमार ने कहा कि अधिक राशि वसूली की जानकारी मिली है. मामले के सभी बिंदुओं की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि अब तक इस संबंध में लिखित शिकायत नहीं मिली है.
