जाले में श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी से लेकर पार्किंग तक की होगी व्यवस्था

जाले के बाबा गंगेश्वरनाथ मंदिर में श्रावणी मेले की तैयारी तेज. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं.

Darbhanga News: जाले के रतनपुर स्थित बाबा गंगेश्वरनाथ मंदिर में आयोजित होने वाले श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर मंगलवार को मंदिर न्यास समिति की बैठक हुई. अध्यक्ष सह सदर एसडीओ कुमार गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम करने का निर्णय लिया गया. बैठक से पहले एसडीओ ने अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया.

मंदिर परिसर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

बैठक से पूर्व एसडीओ कुमार गौरव ने एडीएसएम राजन कुमार, बीपीआरओ रूपेश कुमार, कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी एवं अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी ली गयी.

महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतार

बैठक में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था करने पर सहमति बनी. इसके अलावा मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पेयजल की व्यवस्था करने और श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया.

शिवालय मोड़ पर होगी बैरिकेडिंग, पुलिस बल रहेगा तैनात

श्रावणी मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शिवालय मोड़ के समीप बैरिकेडिंग करने का निर्णय लिया गया. यहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखा जा सके और किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.

न्यास की संपत्ति पर केवल समिति का अधिकार

एसडीओ ने मंदिर के पंडा-पुजारियों से भी बातचीत की और न्यास समिति के कार्यों के संचालन में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यास की चल एवं अचल संपत्ति पर केवल न्यास समिति का अधिकार होगा. बिहार धार्मिक न्यास पर्षद, पटना की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा.

अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी

एसडीओ ने शिवालय परिसर में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किए जाने की चेतावनी दी. बैठक में मंदिर परिसर की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.

ये लोग रहे मौजूद

बैठक में न्यास समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शिवनारायण ठाकुर, सचिव संजीव कुमार चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे. अधिकारियों और न्यास समिति ने श्रावणी मेले के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने पर सहमति जतायी.

यह भी पढ़ें: दरभंगा में सड़क-पुल निर्माण के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पर डीएम सख्त, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्ग पर जोर



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Keshavendra Pratap Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >