Darbhanga News: अजय कुमार मिश्रा, दरभंगा. अक्षर साधना एवं अनूठे संस्कृति के लिए विश्व में प्रतिष्ठित मिथिला की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में मशहूर दरभंगा भौतिक विकास के क्षेत्र में तेज गति से नयी पहचान गढ़ रहा है. इस फेहरिस्त में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है. बिहार में अमेरिका के विश्वस्तरीय होटल चेन व्यंधम होटल्स ने दरभंगा में अपना पहला चार सितारा होटल खोलने की घोषणा की है. रामदा ब्रांड के तहत बनने वाला यह होटल 100 करोड़ रुपये के निजी निवेश से तैयार होगा. शिलित हॉस्पिटिलिटी एलएलपी के पार्टनर विजय प्रकाश के नेतृत्व में इस परियोजना का विकास किया जा रहा है. होटल का उद्घाटन सितंबर 2027 में किए जाने की संभावना है. विदित हो कि रेडिसन के बाद शहर में दूसरा चार सितारा होटल खुलने जा रहा है.
जानकारों के मुताबिक दरभंगा का चयन रणनीतिक दृष्टि से किया गया है. यह होटल ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर के साथ एनएच 27 पर होगा, जहां से दरभंगा एयरपोर्ट केवल नौ किलोमीटर और एम्स दरभंगा महज छह किलोमीटर की दूरी पर है. इन सुविधाजनक कनेक्टिविटी के कारण यह होटल न केवल बिहार बल्कि पड़ोसी राज्यों यहां तक नेपाल के पर्यटकों, व्यापारियों और यात्रियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा. सितंबर 2027 में इसके संचालन की शुरुआत के साथ मिथिला और दरभंगा का नाम वैश्विक आतिथ्य मानचित्र पर दर्ज होना तय है.बिहार के पांचवें सबसे बड़े शहर की बदल रही सूरत
दरभंगा को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से “गेटवे टू बंगाल ” कहा जाता है. यह बिहार का पांचवां सबसे बड़ा शहर है और उत्तर बिहार का प्रमुख जिला मुख्यालय है. व्यंधम होटल्स द्वारा किया जा रहा यह निवेश यहां की बदलती तस्वीर और संभावनाओं की झलक देता है. लंबे समय से यहां आधुनिक होटल की कमी महसूस की जा रही थी. अब रामदा होटल के निर्माण से यह कमी पूरी हो सकेगी.आधुनिक सुविधा से लैस होंगे 80 कमरे
इस होटल में 80 शानदार और आधुनिक कमरे होंगे. इसके अलावा इसमें भोजन रेस्तरां, बड़े पैमाने पर भोज और सम्मेलन की सुविधाएं, फिटनेस सेंटर, स्विमिंग पुल और अन्य लक्जरी सेवाएं उपलब्ध होंगी. होटल का उद्देश्य न केवल मेहमानों को आरामदायक ठहराव देना है, बल्कि व्यवसायिक सभाओं और सामाजिक आयोजनों के लिए भी एक उत्कृष्ट स्थल उपलब्ध कराना है.युवाओं को रोजगार के अवसर भी
इस परियोजना से दरभंगा और आसपास के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. निर्माण कार्य से लेकर संचालन तक स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में युवाओं को नौकरी मिलने की संभावना है. इसके साथ ही होटल के संचालन से स्थानीय व्यापारियों, सप्लायरों और पर्यटन उद्योग को भी अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि इस होटल के कारण मिथिला क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी.बिहार में मील का पत्थर साबित होगा प्रोजेक्ट
पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में यह निवेश बिहार के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा. अभी तक राज्य में लक्जरी होटल की कमी के कारण बड़ी संख्या में यात्री पटना या अन्य शहरों की ओर रुख करते हैं. दरभंगा में इस स्तर की सुविधा उपलब्ध होने से न केवल मिथिला के पर्यटक आकर्षित होंगे, बल्कि नेपाल और बंगाल से आने वाले यात्रियों को भी यहां बेहतर ठहराव का विकल्प मिलेगा.आतिथ्य उद्योग को देगा नयी ऊंचाई
हॉस्पिटिलिटी नेट और फ्रैंचाइज इंडिया के अनुसार व्यंधम होटल्स का यह कदम बिहार के आतिथ्य उद्योग को नयी ऊंचाई देगा. यह न केवल निवेश का प्रतीक है, बल्कि विश्वास और संभावनाओं का भी संकेत है. दरभंगा में रामदा होटल का निर्माण स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और व्यवसायिक गतिविधियों के लिए एक नया अध्याय लिखेगा. सितंबर 2027 में इसके संचालन की शुरुआत के साथ मिथिला का नाम वैश्विक आतिथ्य मानचित्र पर दर्ज होना तय है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
