Darbhanga News: बेनीपुर प्रखंड के सझुआर उच्च विद्यालय में सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के वर्चुअल उद्घाटन के साथ स्थानीय स्तर पर सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया.
आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कारों पर भी रहेगा जोर
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में आधुनिक शिक्षण पद्धति के साथ नैतिक शिक्षा, अनुशासन, योग, खेलकूद और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े.
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, प्रभारी बीईओ रूपेश राय, मुखिया चंदन कुमार झा, पूर्व मुखिया कमल नारायण झा, बीस सूत्री उपाध्यक्ष रजनीश सुंदरम, विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
