20 नवंबर को चीनी मिल की रखी जाएगी आधारशिला, 26 हजार किसानों ने कराया निबंधन

दरभंगा में 20 नवंबर को चीनी मिल की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. 26 हजार से अधिक किसानों ने पहले ही पंजीकरण करा लिया है. यह पहल क्षेत्र में आर्थिक मजबूती और रोजगार के अवसर पैदा करेगी.

Darbhanga News: गन्ना उद्योग विभाग मंत्री संजय कुमार ने सोमवार को दरभंगा प्रेक्षागृह में आयोजित गन्ना किसान संगोष्ठी सह प्रशिक्षण कार्यशाला में कहा कि आगामी 20 नवंबर को चीनी मिल की आधारशिला रखी जाएगी. चीनी मिल के पुनः संचालन को लेकर विभागीय स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है. मिल के शुरू होने से गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

रैयाम और सकरी मिल शुरू होने से किसानों को होगा लाभ

मंत्री संजय कुमार ने कहा कि गन्ना उद्योग आने वाले समय में रोजगार का बड़ा संसाधन बनेगा. सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक हर हाल में पहुंचाया जाएगा. उन्होंने किसानों से गन्ने की खेती के लिए आगे आने और कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान का लाभ उठाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक गांव-गांव जाकर किसानों को तकनीक आधारित गन्ना खेती की जानकारी देंगे. इससे गन्ने के उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि होगी. उन्होंने गन्ना अनुसंधान संस्थान खोलने की दिशा में भी पहल करने की बात कही.

सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि रैयाम और सकरी दोनों चीनी मिलों के पुनः शुरू होने से मिथिला क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ेगी. इसके साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. उन्होंने किसानों से मिल के संचालन के लिए अभी से गन्ने की फसल तैयार रखने का आह्वान किया.

किसानों से गन्ना उत्पादन के लिए निबंधन की अपील

विधायक मुरारी मोहन झा ने किसानों से गन्ना उत्पादन के लिए निबंधन कराने और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की. विधायक राजेश कुमार मंडल ने किसानों से अभी से गन्ने की फसल की तैयारी शुरू करने को कहा.

विधायक सुजीत कुमार सिंह ने किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया.

26 हजार किसानों ने कराया निबंधन

ईखायुक्त अनिल कुमार झा ने बताया कि किसानों को नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उपलब्ध कराया जाएगा. बीज की कटाई, परिवहन, लोडिंग और अनलोडिंग का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी.

उन्होंने कहा कि गन्ना क्षेत्र का विस्तार होने से उत्पादन, उत्पादकता और किसानों की आय में वृद्धि होगी.

डीएम कौशल कुमार ने कहा कि रैयाम और सकरी चीनी मिलों के पुनः संचालन से गन्ना किसानों को व्यापक लाभ मिलेगा. दोनों मिल क्षेत्रों के अंतर्गत अब तक करीब 26 हजार किसानों ने निबंधन कराया है.

उन्होंने किसानों को गन्ने से अन्य उत्पाद तैयार करने की दिशा में भी आगे बढ़ने का सुझाव दिया. जिले में प्रखंड और पंचायत स्तर पर किसान गोष्ठियां आयोजित कर किसानों को सरकारी योजनाओं और आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जा रही है.

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: साइबर अपराधियों ने महिला के खाते से तीन दिनों में उड़ाये 2.91 लाख रुपये


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >