सिमरी थाना क्षेत्र के एक गांव की नवविवाहिता के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन से अचानक गायब होने का मामला सामने आया है. वह अपने ससुराल पक्ष के सदस्यों के साथ ट्रेन संख्या 02569 क्लोन एक्सप्रेस से नई दिल्ली जा रही थी. समस्तीपुर स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान शौचालय जाने की बात कहकर वह नीचे उतरी, लेकिन वापस ट्रेन में नहीं लौटी. काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज करायी है.
शौचालय जाने की बात कहकर ट्रेन से उतरी
परिजनों के अनुसार, नवविवाहिता 26 अगस्त को ससुराल पक्ष के सदस्यों के साथ नई दिल्ली जाने के लिए क्लोन एक्सप्रेस में सवार हुई थी. सुबह करीब 7:30 बजे ट्रेन समस्तीपुर स्टेशन पहुंची.
ट्रेन स्टेशन पर आधे घंटे से अधिक समय तक रुकी रही. इसी दौरान नवविवाहिता ने शौचालय जाने की बात कही और ट्रेन से नीचे उतर गयी. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की.
स्टेशन और आसपास खोजबीन के बाद भी नहीं मिला सुराग
परिजनों ने काफी देर तक रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन नवविवाहिता का कोई पता नहीं चला. इसके बाद परिजन गांव लौट आये और अपने स्तर से भी उसकी तलाश करते रहे.
परिजनों का आरोप है कि नवविवाहिता अपने साथ शादी में मिले करीब 15 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी की पायल और 10 हजार रुपये नकद लेकर गयी है.
सिमरी थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
काफी तलाश के बाद भी नवविवाहिता का पता नहीं चलने पर परिजनों ने सिमरी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. उन्होंने बताया कि घटना स्थल समस्तीपुर रेल थाना क्षेत्र से संबंधित है. इसलिए प्राथमिकी को आवश्यक कार्रवाई के लिए उचित माध्यम से संबंधित थाना भेजा जा रहा है.
पुलिस अब मामले की जांच कर नवविवाहिता की तलाश में जुटी है.
