Darbhanga News: बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ (गोप गुट) ने शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का फैसला किया है. संघ की जिला कार्यालय, मिर्जापुर में आयोजित बैठक में चार अगस्त को शहर में तीन किलोमीटर पदयात्रा निकालने और एक अगस्त से सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया.
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जीवछ पासवान ने की.
इन मांगों को लेकर आंदोलन
बैठक में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने, सभी शिक्षकों को सहायक शिक्षक का दर्जा देने, आठवें वेतन आयोग की अनुशंसाएं लागू करने, शहरी क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों को शहरी परिवहन भत्ता (सीटीए) देने, शनिवार को हाफ-डे लागू करने तथा प्रधान शिक्षकों के ग्रेड पे और वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग दोहराई गई.
सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग
संघ के मुख्य संरक्षक नंदन कुमार सिंह ने कहा कि यदि सरकार शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
जिला सचिव मो. शाहनवाज आलम ने सभी शिक्षकों से 4 अगस्त की पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की. जिला अध्यक्ष जीवछ पासवान ने कहा कि मांगों का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर आंदोलन को निर्णायक रूप दिया जाएगा.
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में श्रीनारायण यादव, कार्तिक कुमार सिंह, चंद्रकांत चौधरी, भोला प्रसाद, अजीत कुमार, गुड़िया कुमारी श्रीवास्तव, अमरदीप कुमार महतो, एजाज अहमद, शंकर कुमार, नफीस हसन, जितेंद्र ठाकुर, सतीश कुमार ठाकुर, फतह आलम सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे.
