कुशेश्वरस्थान: विषहरिया मोहिम बुजुर्ग पैक्स चुनाव का परिणाम बुधवार देर शाम घोषित कर दिया गया. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई मतगणना में प्रदीप मुखिया ने शानदार जीत दर्ज करते हुए पैक्स अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरो देवी को 126 मतों के अंतर से हराया.
प्रदीप मुखिया को मिले 250 वोट
ई-किसान भवन में ऑब्जर्वर सुरेन्द्र कुमार और निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ चंदन कुमार की देखरेख में मतगणना कराई गई. परिणाम के अनुसार प्रदीप मुखिया को 250 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरो देवी को 124 मत प्राप्त हुए. इस तरह प्रदीप मुखिया ने 126 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की. वहीं, निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष शशिभूषण राय तीसरे स्थान पर रहे.
दो बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से हुआ मतदान
इससे पहले बुधवार सुबह प्राथमिक विद्यालय लरांच घाट स्थित दो मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ. मतदान के शुरुआती घंटों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. हालांकि दोपहर बाद मतदान की रफ्तार कुछ धीमी हो गई.
497 मतदाताओं ने किया मतदान
निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. शाम 4:30 बजे तक कुल 497 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान और मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
चुनाव कर्मी रहे तैनात
पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान चुनाव प्रभारी शिक्षक संतोष कुमार सिंह, जयचंद्र झा, आकाश कुमार, रामनरेश ठाकुर, रेवती रमण रुक्मणी सहित अन्य चुनाव कर्मी मौजूद रहे. परिणाम घोषित होने के बाद विजयी समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया.
यह भी पढे़ं: पारस अस्पताल में पहली बार हुआ सफल टोटल एल्बो रिप्लेसमेंट, 85 वर्षीया महिला को मिला नया जीवन
