पत्नी से मारपीट के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार, घर से 47 लीटर विदेशी शराब बरामद

बहेड़ी पुलिस ने चनमाना गांव में नशे की हालत में पत्नी से मारपीट करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी के घर से 47 लीटर विदेशी शराब भी बरामद हुई है.

Darbhanga News: बहेड़ी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार देर रात चनमाना गांव में कार्रवाई करते हुए नशे की हालत में पत्नी से मारपीट करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, उसके घर की तलाशी के दौरान करीब 47 लीटर विदेशी शराब भी बरामद की गई.

पत्नी की शिकायत पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, पुलिस अवर निरीक्षक राम सिंहासन सिंह के नेतृत्व में गश्ती दल चनमाना गांव पहुंचा तो एक महिला घायल अवस्था में मिली. महिला ने अपनी पहचान अंजली कुमारी के रूप में बताते हुए आरोप लगाया कि उसका पति सतवीर प्रकाश नशे की हालत में उसके साथ मारपीट कर रहा था. उसने यह भी बताया कि बीच-बचाव के दौरान परिजनों ने भी आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया.

घर से 262 बोतल विदेशी शराब बरामद

पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली, जहां से 180 एमएल की 262 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. कुल बरामद शराब की मात्रा लगभग 47 लीटर बताई गई है.

इसके बाद एंबुलेंस से आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहेड़ी ले जाया गया. वहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया.

नशे की पुष्टि, शराब बेचने की बात स्वीकारने का दावा

पुलिस के अनुसार, होश में आने के बाद आरोपी की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई.

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने सस्ते दाम पर शराब खरीदकर महंगे दाम पर बेचने की बात स्वीकार की.

थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >