Darbhanga News: पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी और त्वरित क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अभियंताओं के साथ योजना की प्रगति की समीक्षा की गयी. डीएम ने सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने के इच्छुक लाभुकों को समय पर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने और योजना से जुड़े लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया.
JE को कम-से-कम 25 नए आवेदन कराने का निर्देश
डीएम ने विद्युत विभाग के सभी क्षेत्रों के कनीय अभियंताओं को कम-से-कम 25 नए आवेदन कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक इच्छुक लाभुकों को योजना से जोड़ने के लिए आवेदन की प्रक्रिया में तेजी लायी जाए. अधिकारियों को योजना की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और पात्र लाभुकों को आवेदन के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया.
चार दिनों के भीतर इंस्टॉलेशन पूरा करने का निर्देश
डीएम ने संबंधित संवेदकों को अब तक डिस्पैच की गयी सामग्री और उपकरणों का अगले चार दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से इंस्टॉलेशन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. लंबित इंस्टॉलेशन को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया गया.
बैंक ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
बैठक में डीएम ने राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधियों को योजना के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. पात्र लाभुकों के ऋण को जल्द स्वीकृत और वितरित करने पर विशेष जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि लाभुकों को बिना अनावश्यक देरी के बैंकिंग सहायता उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि सोलर रूफटॉप लगाने की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके.
लंबित मामलों को समन्वय से निपटाने की तैयारी
बैठक में योजना से संबंधित ऋण आवेदनों की स्थिति, स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया तथा बैंक स्तर पर सामने आ रही कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की गयी. डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली खर्च में मिलेगी राहत
डीएम कौशल कुमार ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. इससे बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से ऋण स्वीकृति में तेजी लाने और लाभुकों की समस्याओं का समय पर समाधान करने को कहा.
विद्युत विभाग और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बैंकों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया. साथ ही लाभुकों को योजना से जुड़ी तकनीकी और प्रक्रियागत जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया. बैठक में विद्युत विभाग के अभियंता, विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: चीनी मिलें खुलने से पहले गन्ने का भाव तय करने की मांग, 650 रुपये क्विंटल के लिए किसानों का धरना
