Darbhanga News: दरभंगा. सात निश्चय थ्री के सातवें निश्चय सबका सम्मान- जीवन आसान के तहत प्रत्येक शुक्रवार एवं सोमवार को जिले के सभी भूमि निबंधन कार्यालय में जनता दरबार आयोजित होगा. निर्धारित दिन को कोई भी पीड़ित संबंधित भूमि निबंधन पदाधिकारी अथवा समकक्ष के समक्ष बैठकर भौतिक रूप से भूमि संबंधी फरियाद लिखित रूप से रख सकते हैं. फरियादियों से प्राप्त शिकायतों का पंजी में संधारण किया जाएगा. शिकायतों के सतत अनुश्रवण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. भूमि निबंधन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग के अभिलेखागार से भूमि संबंधित दस्तावेज की सच्ची प्रतिलिपि, सर्चिंग, रोक सूची में शामिल भूमि की जानकारी सहित भूमि निबंधन के समय आने वाली अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर कोई भी पीड़ित निर्धारित दिन को संबंधित पदाधिकारी से मिल सकते हैं. बता दें कि कई बार ऐसा देखा गया है कि आम लोग जब समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंचते हैं, तो अधिकारी कार्य में व्यस्त रहने अथवा अन्य कारण से मुलाकात नहीं करते. इस कारण आम लोगों को असुविधा होती है. आम जनों को सरकारी कार्यालय से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े, इसे लेकर ही जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है.
गंभीरता से सुनी जायेगी फरियाद- पदाधिकारी
जिला अवर भूमि निबंधन पदाधिकारी स्वीटी सुमन ने बताया कि फरियादियों की बुनियादी सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाएगा. फरियाद गंभीरता से सुनी जाएगी. निष्पादन का प्रयास किया जाएगा. फरियाद से को विभाग की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा. प्राप्त आवेदन पर कार्रवाई से विभाग एवं फरियादी को ऑनलाइन अवगत कराया जाएगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
