Darbhanga News: दरभंगा. शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी तिथि पर मंगलवार को पूजा पंडाल महिला भक्तों से पटे रहे. माता का खोइछा भरने के लिए दोपहर बाद तक कतार लगी रही. महिलाओं की सुविधा के लिए तैनात पूजा समिति के वोलेंटियर पसीना बहाते रहे. सुबह में महिलाओं ने घर में पूजा-अर्चना कर खोइछा भरने की तैयारी की. पूजा की थाल में अरवा चावल, हल्दी, सिंदूर, चूड़ी, पान, सुपारी, फल, मिठाई, शृंगार की सामग्री आदि सजायी. नख-शिख शृंगार किया. इसके बाद माता के दरबार पहुंची. वहां विधिवत पूजन कर भगवती का खोइछा भरा. नये वस्त्र तथा कुछ श्रद्धालुओं ने नई साड़ी भगवती को अर्पित की. इसके पश्चात वापस घर लौटी. अधिकांश महिला भक्तों ने महाअष्टमी का व्रत कर रखा था. इसे लेकर गायत्री मंदिर लहेरियासराय, केएम टैंक, सैदनगर, कटहलबाड़ी, शिवधारा, उर्दू नीम चौक, कादिराबाद, बालूघाट, लक्ष्मीसागर, नाका छह, बेंता, चट्टी चौक समेत प्राय: सभी पूजन स्थलों पर महिला भक्तों की भीड़ उमड़ती रही. वहीं बड़ी संख्या में महिलाओं ने देवी मंदिरों में भी खोइछा भरा. खुशियों से सदा आंचल भरा रखने का आशीर्वाद मांगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
