Darbhanga News: स्कूल बैग सीने से लगा बेटे समर को पुकार रही अभागिन मां

Darbhanga News:आम गांव में बुधवार की सुबह से मातमी सन्नाटा पसरा था. वहीं निजी स्कूल वैन से गिरकर मृत तीसरी कक्षा के छात्र मो. समर के घर खडुआ में कोहराम मचा था.

Darbhanga News: अशोक झा, सदर. आम गांव में बुधवार की सुबह से मातमी सन्नाटा पसरा था. वहीं निजी स्कूल वैन से गिरकर मृत तीसरी कक्षा के छात्र मो. समर के घर खडुआ में कोहराम मचा था. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मां की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे. वह बार-बार बेटे की स्कूल की कॉपी और बैग को सीने से लगाकर बेसुध हो जा रही थी. बेटे को पुकार रही थी. पिता अपने इकलौते बेटे की तस्वीर को निहारते फूट-फूटकर रो रहे थे. मासूम बहन अपने भाई की मौत को समझ भी नहीं पा रही. वह चुपचाप एक कोने में बैठी भाई का इंतजार कर रही है. गांव के लोग इस दृश्य को देखकर खुद को संभाल नहीं पा रहे थे. इधर, इस हादसे से दर्द के साथ-साथ लोगों का गुस्सा उफान पर है. ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि स्कूल प्रबंधन की लगातार बरती जा रही लापरवाही का नतीजा है. उसी लापरवाही ने एक घर का चिराग बुझा दिया. मृतक के मामा ने बताया कि इस स्कूल की गाड़ियां काफी जर्जर हालत में हैं. वैन के गेट टूटे रहते हैं. वाहन की हालत खराब है. क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है. इस संबंध में कई बार स्कूल प्रबंधन से शिकायत की गयी, लेकिन हर बार बात अनसुनी कर दी गयी. समय रहते कार्रवाई होती तो आज उनका बच्चा जिंदा होता. हादसे के बाद ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क करना चाहा तो किसी ने फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझा. इसे लेकर आक्रोशित ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे. स्थिति बिगड़ती देख सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को समझाकर शांत कराया. सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूल वैन से बच्चा गिरा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मालूम हो कि स्कूल की छुट्टी के बाद मंगलवार को अपराह्न वैन बच्चों को लेकर घर लौट रही थी. वैन में चालक 17 से 18 बच्चों को लेकर निकला था. पहले वह दूर के बच्चों को छोड़ने खडुआ गया. लौटते समय एनएच-27 पर सीता पेट्रोल पंप के पास वैन डिवाइडर से टकराने लगी. वाहन को बचाने के लिए चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाया. इसी दौरान वैन का पहले से टूटा हुआ गेट खुल गया और आगे बैठे तीसरी कक्षा के छात्र मो. चमन के पुत्र मो. समर का सिर लोहे से टकरा गया और वह सड़क पर गिर पड़ा. सिर में गंभीर चोटें लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गचप. एक अन्य छात्र घायल हो गया, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है. हादसे के बाद चालक वैन छोड़कर फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने बांकी बच्चों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया. सूचना पर परिजन बच्चे को सकरी के एक अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >