Darbhanga Crime News: दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में अकेली पाकर नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत करने और विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता के आवेदन पर पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
POCSO Act: घर में अकेली पाकर की अश्लील हरकत
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, घटना 13 अगस्त की दोपहर की है. पीड़िता अपने घर में अकेली थी. इसी का फायदा उठाकर सिमरी थाना क्षेत्र के बनौली वार्ड संख्या चार निवासी आलमगीर नद्दाफ का पुत्र इखलाख जबरन घर में घुस आया और पीड़िता के साथ अश्लील हरकत करने लगा. नाबालिग के शोर मचाने और विरोध करने पर परिजन मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की.
परिजनों ने की मारपीट, पंचायत में नहीं बनी बात
आरोप है कि आरोपी को पकड़ने के दौरान उसके परिजन और रिश्तेदार भी लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए. उन्होंने पीड़िता के परिजनों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया. घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा सामाजिक स्तर पर पंचायती के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद पीड़िता के पक्ष ने थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
Bihar Police Action: पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी भेजे गए कोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर पॉक्सो एक्ट और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.
