Darbhanga News: सिंहवाड़ा. सिमरी थाना क्षेत्र के बनौली में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हरि सहनी के स्काॅट वाहन की ठोकर से जन्माष्टमी का मंच एवं शो लाइट क्षतिग्रस्त हो गया. महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गए. घटना शनिवार की रात करीब 11 बजे की है. जानकारी के अनुसार आदर्श युवा क्लब की ओर से बनौली में जन्माष्टमी का आयोजन किया गया था. आयोजक ने रोड पर ही मंच समेत सजावट की थी. मंत्री का काफिला उक्त स्थल के पास पहुंचा तो आगे चल रहे स्काॅट वाहन के चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खाे दिया. वाहन की ठोकर से मंच पर लगे लेजर लाइट क्षतिग्रस्त हो कर जमीन पर गिर गयी. ग्रामीणों ने चालक को वाहन सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पूजा कमेटी के अध्यक्ष सुजीत कुमार ने मामले को लेकर सिमरी थाना में आवेदन देकर मंत्री व चालक पर कारवाई की मांग की है. आवेदन में कहा है कि 16 अगस्त की रात करीब 11.30 बजे मंत्री हरी सहनी के काफिले में शामिल स्काट वाहन चालक ने गाड़ी को भीड़ में घुसा दिया. इससे सुरेश भगत, डोमू महतो, दुर्गा देवी जख्मी हो गए. किसी का हाथ फ्रेक्चर हो गया तो किसी का माथा फट गया. कहा है कि मंत्री की गाड़ी वहां की स्थिति देख वापस होकर भागने लगी. इस दौरान मंच में लगी लेजर लाइट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. लोगों ने स्कॉट गाड़ी को घेर लहेरियासराय सैदनगर निवासी चालक सुधीर कुमार को पुलिस के हवाले कर दिया. पूजा कमेटी ने घायलों को डीएमसीएच भेजा. आवेदन में कहा गया है कि घटना के बाद मंत्री से सम्पर्क किया गया, परन्तु उनके द्वारा मानवीय संवेदना नहीं दिखायी गयी. घायलों का न तो उपचार कराया गया एवं न ही पूजा स्थल पर ही वे वापस आये. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा है कि आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जा रही है. घटनास्थल से वाहन जब्त कर ली गयी है. चालक से पूछताछ की जा रही है. बताया कि मंत्री तारालाही से सिमरी की ओर आ रहे थे. इसी बीच यह घटना हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
