Darbhanga News: जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. तबीयत बिगड़ने पर महिला को सकरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतका की हुई पहचान
मृतका की पहचान मनीगाछी थाना क्षेत्र के जलेगर गांव निवासी राजाराम यादव की 35 वर्षीय पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मृतका के भाई सच्चिदानंद यादव के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की समीक्षा रिपोर्ट तैयार की है.
पारिवारिक विवाद की भी चर्चा
सूत्रों के अनुसार, शांति देवी और उनके पति बच्चों की पढ़ाई के लिए दरभंगा शहर में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले दोनों अपने बच्चों के साथ गांव आए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. स्थानीय लोगों के अनुसार, पारिवारिक कलह के बाद महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के बाल में गोबर लगे होने की बात भी सामने आई, जिसके बाद घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि परिजनों ने घटना के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी. उन्होंने बताया कि शांति देवी अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री सहित तीन बच्चों को छोड़ गई हैं.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
