Darbhanga News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) के पीएचडी एडमिशन टेस्ट (पीएटी)-2024 अभ्यर्थी संघ ने पीएटी-2024 को पुनः बहाल कर पूर्व प्रकाशित परिणाम के आधार पर नामांकन प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर 21 जुलाई को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है. इस संबंध में संघ ने कुलाधिपति को पत्र भेजकर कार्यक्रम की पूर्व सूचना भी दी है.
LNMU News: पीएटी-2024 बहाल करने की उठाई मांग
अभ्यर्थी संघ का कहना है कि पीएटी-2024 की प्रवेश परीक्षा, परिणाम प्रकाशन और नामांकन प्रक्रिया विश्वविद्यालय द्वारा यूजीसी रेगुलेशन-2016 के अनुरूप संचालित की गई थी. बावजूद इसके राजभवन से प्राप्त पत्र के आधार पर पीएटी-2024 को निरस्त कर दिया गया, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चितता में पड़ गया है.
पूर्व प्रकाशित परिणाम के आधार पर नामांकन की मांग
संघ ने मांग की है कि पीएटी-2024 को तत्काल बहाल करते हुए पहले से प्रकाशित परिणाम के आधार पर पीएचडी नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाए. अभ्यर्थियों का कहना है कि नामांकन में देरी के कारण शोधार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और इससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
शांतिपूर्ण आंदोलन का किया ऐलान
अभ्यर्थी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि 21 जुलाई को आयोजित होने वाला धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक होगा. उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य केवल शोधार्थियों के हितों की रक्षा करना और लंबित नामांकन प्रक्रिया को जल्द शुरू कराना है.
