Darbhanga News: भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कल, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सुनेंगे आमजन की समस्या

Darbhanga News:नेहरू स्टेडियम परिसर स्थित प्रेक्षागृह में दो पालियों में इसका आयोजन किया जाएगा.

Darbhanga News: दरभंगा. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवा आमलोगों को समय सीमा में उपलब्ध कराने के लिए आगामी 31 जनवरी को जिले में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन होगा. नेहरू स्टेडियम परिसर स्थित प्रेक्षागृह में दो पालियों में इसका आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे. इस दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल, सचिव जय सिंह समेत राजस्व मुख्यालय के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. आवेदकों का रजिस्ट्रेशन सुबह 09 बजे से 11 बजे तक ऑडिटोरियम में अंचलवार बनाये गए दो काउंटरों पर किया जाएगा. आवेदन के साथ अंचल का नाम,अपना नाम, स्पष्ट पता और मोबाइल नंबर डालने की अपील की गई है. इससे आमलोगों को उनके आवेदन पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी मैसेज से मिलती रहेगी. आवेदकों से कहा गया है कि जिस समस्या के लिए वे जनकल्याण संवाद में आ रहे हैं, पूर्व में अगर उसके लिये अधिकारियों के समक्ष कोई आवेदन दिया है तो आवेदन के साथ उसे भी अवश्य संलग्न करें. यहां मिले सभी आवेदनों को जन शिकायत पोर्टल पर अपलोड कर उचित कार्रवाई की जाएगी. भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन की प्रथम पाली सुबह 11 से दोपहर 2.30 बजे तक होगी. इस पाली में विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवा, समस्या और उनके समाधान पर आमलोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी. आमलोगों में से कुछ आवेदनों का अंचलवार चयन कर मौके पर अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी को आवेदकों के सामने बैठाकर समस्या पर समीक्षा होगी. इस सत्र में राजस्व विभाग से संबंधित सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं संबंधित राजस्व कर्मचारी एवं अमीन उपस्थित रहेंगे. वहीं दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम छह तक होगी. इसमें प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिलाधिकारी भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी शामिल होंगे. इसमें दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, इ-मापी समेत सभी ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी. इस दौरान अभियान बसेरा-टू की स्थिति की विशेष रूप से समीक्षा होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >