Darbhanga: आवास बोर्ड के पार्क में निर्माणाधीन मंदिर ध्वस्त, कार्रवाई से स्थानीय लोगों में आक्रोश

दरभंगा के लहेरियासराय में बिहार राज्य आवास बोर्ड के पार्क में निर्माणाधीन शिव मंदिर को जिला प्रशासन ने शनिवार को ध्वस्त कर दिया. प्रशासन ने इसे अवैध निर्माण बताया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है. निर्माण स्थल से मलबा हटाया जा रहा है.

Darbhanga News: लहेरियासराय स्थित बिहार राज्य आवास बोर्ड के कर्णांकित पार्क में निर्माणाधीन शिव मंदिर को शनिवार को जिला प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया. सदर एसडीओ के निर्देश पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह बहादुरपुर राजस्व अधिकारी संजय कुमार और पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी में कार्रवाई की गयी. निर्माण स्थल से मंदिर के मलबे को भी हटाया जा रहा है. कार्रवाई के दौरान किसी तरह के व्यवधान की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था.

पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़ा गया निर्माण

प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताया. हालांकि, प्रशासन ने निर्माणाधीन मंदिर के पक्के हिस्से को ध्वस्त कर दिया. इसके बाद निर्माण सामग्री और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया.

बिहार राज्य आवास बोर्ड के कार्यपालक अभियंता सुजीत कुमार ने बताया कि कर्णांकित पार्क-सी के दक्षिणी हिस्से में बजरंगबली की मूर्ति स्थापित है. मूर्ति के समीप अवैध रूप से पक्का निर्माण कराया जा रहा था. जिला प्रशासन की मदद से उक्त निर्माण को ध्वस्त किया गया है.

करीब 10 साल पहले लगाए गये थे बरगद और पीपल के पेड़

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थल पर करीब दस वर्ष पहले बरगद और पीपल के पेड़ लगाए गये थे. बाद में दोनों पेड़ों के चारों ओर चबूतरा बनाया गया और वहां मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गयी.

इसके बाद पूजा समिति का गठन कर मंदिर निर्माण का काम शुरू कराया गया. मंदिर में पुजारी की व्यवस्था भी की गयी थी. स्थानीय लोगों से चंदा एकत्र कर मंदिर निर्माण सहित अन्य कार्य कराये जाते रहे.

स्थानीय लोगों का कहना है कि आवास बोर्ड की ओर से समय-समय पर निर्माण कार्य रोकने का दबाव दिया जाता रहा. अंततः बोर्ड के अनुरोध पर सदर एसडीओ के निर्देश से शनिवार को प्रशासन ने कार्रवाई की.

पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत हुए थे करीब पांच लाख रुपये

स्थानीय लोगों के अनुसार, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2019-20 में इस स्थल पर हनुमान मंदिर के निकट पार्क के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 4,98,300 रुपये स्वीकृत किये गये थे. इसका बोर्ड भी स्थल पर लगाया गया है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि समिति की ओर से विभिन्न अवसरों पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किये जाते थे. मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर स्थानीय सांसद और विधायक के भी शामिल होने की बात कही गयी है.

प्रशासन ने अवैध निर्माण बताया

आवास बोर्ड के कार्यपालक अभियंता सुजीत कुमार के अनुसार, पार्क के दक्षिणी हिस्से में स्थापित बजरंगबली की मूर्ति के समीप अवैध रूप से पक्का निर्माण कराया जा रहा था. प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब निर्माण सामग्री हटायी जा रही है.

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: दुष्कर्म के दोषी को 10 साल सश्रम कारावास, 75 हजार रुपये अर्थदंड


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >