कुशेश्वरस्थान में श्रावणी मेले की तैयारी तेज, बाजार में बस खड़ी करने पर कार्रवाई

श्रावणी मेले को लेकर कुशेश्वरस्थान में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. अधिकारियों ने बाजार का निरीक्षण कर अवैध रूप से बसें खड़ी करने पर कार्रवाई की है. मंदिर परिसर में भी तैयारियों का जायजा लिया गया.

Darbhanga News: श्रावणी मेला को लेकर कुशेश्वरस्थान पूर्वी में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को एसडीओ सह कुशेश्वरस्थान न्यास समिति के अध्यक्ष शशांक राज एवं एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कुशेश्वरस्थान बाजार और बाबा कुशेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क किनारे बस खड़ी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए संचालक पर 500 रुपये का चालान किया गया. अधिकारियों ने बस संचालक और चालक को भविष्य में बाजार के भीतर बस नहीं खड़ी करने की कड़ी चेतावनी दी.

बाजार में बस खड़ी करने पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान बाजार में प्रतिबंध के बावजूद सड़क किनारे बस खड़ी मिली. दरभंगा केसरी कंपनी की बस के नियमों का उल्लंघन करने पर संचालक से 500 रुपये का चालान काटा गया. स्टैंड इंचार्ज और चालक को चेतावनी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में दोबारा बस खड़ी मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.

जाम से बचने के लिए निर्धारित जगह पर खड़ी होंगी बसें

एसडीओ शशांक राज ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. बाजार में अवैध रूप से बसों के परिचालन और सड़क पर वाहनों के जमावड़े से जाम की समस्या उत्पन्न हो सकती है. श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करने का निर्देश दिया गया है.

मंदिर परिसर में तैयारियों का लिया जायजा

एसडीओ सह न्यास समिति के अध्यक्ष ने बाबा कुशेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर पहुंचकर मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया. इस दौरान मंदिर परिसर, शिवगंगा, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत निर्माण और मरम्मत कार्यों की स्थिति देखी. कर्मियों और मजदूरों को तय समय सीमा के भीतर सभी काम पूरा करने का निर्देश दिया गया.

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

प्रशासन की ओर से बताया गया कि श्रावणी मेला को लेकर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित मेला आयोजित करने की तैयारी की जा रही है.

अधिकारियों को नियमित निगरानी का निर्देश

एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, सीओ राकेश रोशन भारती, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार, थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: दरभंगा में डीडीसी की बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का अधिकारियों को निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष पोद्दार

संतोष पोद्दार को पत्रकारिता का 20 वर्षों का लंबा अनुभव है. ये सामाजिक, राजनीतिक, आपराधिक व धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हैं और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >