Darbhanga News: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 48 स्थित खाजासराय की एक संकरी गली में वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. इसी गली से होकर आईओएन डिजिटल जोन ऑनलाइन परीक्षा केंद्र तक पहुंचना पड़ता है. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को गंदे पानी से होकर गुजरने की मजबूरी बनी हुई है.
गंदे पानी से होकर पहुंचते हैं अभ्यर्थी
स्थानीय लोगों के अनुसार यह गली निचले इलाके में स्थित है, जहां घरों से निकलने वाला दूषित पानी लंबे समय तक जमा रहता है. परीक्षा के दिनों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी यहां पहुंचते हैं, जिससे आवागमन और भी कठिन हो जाता है. कई परीक्षार्थियों को जूते-चप्पल गंदे पानी में भिगोकर परीक्षा केंद्र तक जाना पड़ता है.
वर्षों से नहीं हुआ स्थायी समाधान
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है. गली का कोई वैकल्पिक मार्ग भी नहीं होने के कारण लोगों को इसी रास्ते का उपयोग करना पड़ता है.
नगर निगम से की कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से गली में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और सड़क की स्थिति में जल्द सुधार करने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों और परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी से राहत मिल सके.
