Darbhanga: पड़ोसियों के विवाद में 23 वर्षीय युवक की चाकू से हत्या, भाई समेत दो घायल

दरभंगा के खाजासराय मोहल्ले में मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में 23 वर्षीय दीपक सहनी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई. इस घटना में दीपक के भाई सहित दो अन्य लोग घायल हो गए हैं.

Darbhanga Crime News: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय मोहल्ले में शनिवार देर रात पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. गाली-गलौज के बाद हुई झड़प में धारदार हथियार से हमला कर 23 वर्षीय दीपक सहनी की हत्या कर दी गयी. हमले में उनके बड़े भाई दिलीप सहनी और बीच-बचाव करने पहुंचे अनिल कुमार मंडल घायल हो गये. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

मामूली विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला

स्थानीय लोगों के अनुसार, खाजासराय स्थित सरकारी स्कूल के पास शनिवार देर रात पड़ोसी परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गयी और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया.

आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने दीपक सहनी पर चाकू और डायगर से हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपक पर कई बार धारदार हथियार से वार किया गया. गंभीर रूप से घायल दीपक को इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.

पेट में चाकू लगने से बड़ा भाई घायल

हमले के दौरान दीपक के बड़े भाई दिलीप सहनी के पेट में भी चाकू मार दिया गया. उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.

बीच-बचाव करने पहुंचे अनिल पर भी हमला

मोहल्ले के अनिल कुमार मंडल झगड़ा छुड़ाने के लिए पहुंचे थे. उनका आरोप है कि हमलावरों को रोकने की कोशिश करने पर उन पर भी चाकू और डायगर से हमला किया गया. उनके हाथ में दो बार डायगर लगी. इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य बतायी जा रही है.

चार आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, सिटी एसपी समेत कई थानों के थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया.

पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.

देर रात डीएमसीएच पहुंचे एसएसपी

घटना के बाद एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी देर रात डीएमसीएच पहुंचे. उन्होंने घायल दिलीप सहनी और अन्य पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. एसएसपी ने घायलों के इलाज की स्थिति की जानकारी लेते हुए परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया.

एसएसपी बोले, आपसी विवाद में हुई घटना

एसएसपी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है. मृतक और आरोपियों के घर आमने-सामने हैं. इसी विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें एक युवक की मौत हुई और दो लोग घायल हुए हैं.

उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

एसएसपी ने कहा कि शहर में शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान होने पर उनके खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई होगी.

पत्नी बोली, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

मृतक दीपक सहनी की पत्नी आशा देवी ने बताया कि उनके पति की उम्र महज 23 वर्ष थी. वह कचरा-कबाड़ से संबंधित दुकान का काम करते थे. करीब डेढ़ साल पहले ही उनकी शादी हुई थी.

पति की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

भाभी ने कन्हैया, किशन और रोहित पर लगाया आरोप

मृतक की भाभी सुनीता देवी ने बताया कि उनके पति दिलीप सहनी को भी चाकू मारा गया. उनके देवर दीपक पर कई बार धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गयी.

उन्होंने कन्हैया, किशन और रोहित समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस-प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

हत्या के बाद मोहल्ले में तनाव

घटना के बाद खाजासराय मोहल्ले में तनाव और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है.

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी, तीनों रात होगा जलसा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar raushan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >