Darbhanga News: दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर कमतौल रेलवे स्टेशन के पूर्व स्थित रेलवे गुमटी पर रोजाना लगने वाला जाम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. सुबह-शाम ही नहीं, दोपहर में भी रेल फाटक बंद होने के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे राहगीरों को करीब 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है.
फाटक खुलते ही मच जाती है अफरातफरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों ओर से वाहन चालक रेल फाटक के बिल्कुल पास तक वाहन खड़े कर देते हैं. फाटक खुलते ही दोनों दिशाओं से एक साथ निकलने की होड़ मच जाती है, जिससे वाहन आमने-सामने फंस जाते हैं और लंबा जाम लग जाता है.
बाइक, ऑटो, टेंपो और कार चालकों के कारण स्थिति और भी खराब हो जाती है.
यह भी पढ़ें: डीएमसीएच में बगैर आईडी कार्ड घूम रहे आयुष्मान कर्मियों पर उठ रहे सवाल
स्कूली बच्चे और एंबुलेंस भी होती हैं प्रभावित
रोजाना लगने वाले इस जाम से विद्यालय जाने वाले छात्रों को भी परेशानी उठानी पड़ती है. कई बार मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस और पुलिस वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं.
ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की मांग
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि फाटक पर सफेद लाइन और चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, लेकिन लोग नियमों का पालन नहीं करते. यदि चालक फाटक से कम से कम 10 मीटर पहले वाहन रोककर एक लाइन में खड़े हों तो जाम की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है.
स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक पर होमगार्ड या ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है.
