वर्षों से जलजमाव और जर्जर सड़क से परेशान कालीधाम के लोग, सड़क निर्माण की मांग तेज

दरभंगा के कालीधाम मोहल्ले में जलजमाव और जर्जर सड़कों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. स्थानीय निवासी वर्षों से स्थायी समाधान की गुहार लगा रहे हैं. जाने कब मिलेगा निजात.

Darbhanga News: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 41 से सटे खराजपुर पंचायत के कालीधाम मोहल्ले में वर्षों से जलजमाव और जर्जर सड़क के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद अब तक सड़क निर्माण और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है.

यह इलाका बड़े अधिकारियों, बैंककर्मियों, इंजीनियरों, चिकित्सकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, कारोबारियों और सरकारी-निजी क्षेत्र के कर्मचारियों का प्रमुख आवासीय क्षेत्र माना जाता है. जिला परिवहन कार्यालय, महावीर सिंह महाविद्यालय, गैस एजेंसी और अग्निशमन विभाग जैसे महत्वपूर्ण संस्थान भी इसी क्षेत्र में स्थित हैं.

सालभर सड़क पर रहता है पानी

स्थानीय लोगों के अनुसार सैदनगर काली मंदिर से बसेरा कॉलोनी चौक तक सड़क पर पूरे वर्ष जलजमाव बना रहता है. सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे पैदल चलने वाले और दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं. गुजरते वाहनों से उछलने वाला कीचड़ राहगीरों की परेशानी और बढ़ा देता है.

वर्षों से जर्जर है मोहल्ले की सड़क

कालीधाम मोहल्ले में अल्पना चौधरी के घर से प्रकाश कुंवर के घर तक करीब एक हजार वर्ग फीट लंबी और 16 फीट चौड़ी सड़क वर्षों से बदहाल पड़ी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक न तो इसका खड़ंजाकरण हुआ और न ही पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया.

लगातार जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और दूषित पानी से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.

लोगों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय निवासी संजीव सिंह, अमरनाथ चौधरी, चंद्रभूषण ठाकुर, कृष्ण देव मिश्र, पृथ्वीनाथ राय, गोपीचंद्र झा, टिंकू कर्ण, आर.के. झा, वीरेंद्र झा, हृदय नारायण मिश्र, रामचंद्र झा, चंद्रमोहन झा, सुरेंद्र राय, गिरीश चंद्र झा और रामविलास मिश्र ने बताया कि वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहा है. अब तक सड़क निर्माण की कोई योजना धरातल पर नहीं उतरी है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था जल्द कराने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >