Darbhanga News: हजरत मुहम्मद मुस्तफा के 1501वें यौमे-विलादत के अवसर पर शहर की पुरानी सामाजिक संस्था अंजुमन खुद्दाम-ए-मिल्लत की ओर से 80वें जश्न-ए-मीलादुन्नबी का आयोजन किया जाएगा. किलाघाट स्थित मदरसा हमीदिया मैदान में तीन दिवसीय कार्यक्रम को लेकर तैयारी शुरू कर दी गयी है. आयोजन की सूचना प्रशासन को भी दी गयी है.
किलाघाट से निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी
कार्यक्रम की शुरुआत 26 अगस्त की सुबह 7.30 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी से होगी. जुलूस किलाघाट चौक से शुरू होकर उर्दू बाजार, करमगंज, लाइट हाउस, नाका नंबर-6, खान चौक, मौलागंज, कोतवाली थाना, मिर्जापुर, टावर चौक और नगर थाना होते हुए पुनः किलाघाट पहुंचेगा.
आयोजन समिति की ओर से जुलूस में डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण पाबंदी रखी गयी है. लोगों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से जुलूस में शामिल होने की अपील की गयी है.
26 से 28 अगस्त तक तीन रात होगा जलसा
मदरसा हमीदिया मैदान में 26, 27 और 28 अगस्त की रात नौ बजे से जलसा आयोजित किया जाएगा. इसमें उलेमा और वक्ता सीरत-ए-पाक, पैगंबर की शिक्षाओं, इंसानियत, अमन, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द जैसे विषयों पर विचार रखेंगे.
कार्यक्रम के दौरान नात-ए-पाक के साथ विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे.
28 अगस्त को महिलाओं का विशेष जलसा
जश्न-ए-मीलादुन्नबी के अंतिम दिन 28 अगस्त को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक महिलाओं का विशेष जलसा आयोजित होगा.
संस्था के सेक्रेटरी सैयद आफताब अशरफ ने बताया कि किलाघाट में पिछले दो वर्षों से विशेष रोशनी और सजावट की जा रही है. उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य प्रेम, दया, न्याय, अमन और भाईचारे का संदेश समाज तक पहुंचाना है.
