Jale News: मध्य विद्यालय जोगियारा में प्रधानाध्यापक समेत शिक्षकों की कमी के कारण पठन-पाठन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है. विद्यालय में 323 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि कुल छह शिक्षक पदस्थापित हैं. इनमें एक शिक्षक प्रखंड निर्वाचन कोषांग में प्रतिनियुक्त हैं. शेष पांच शिक्षकों के भरोसे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था संचालित हो रही है.
छह शिक्षकों में एक निर्वाचन कोषांग में प्रतिनियुक्त
प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन कुमार ने बताया कि वरीय शिक्षक होने के कारण वे विद्यालय में प्रभारी एचएम का दायित्व संभाल रहे हैं. इसके कारण शिक्षकों की उपलब्ध संख्या और कम हो जाती है.
उन्होंने बताया कि कक्षा छह से आठ तक सामाजिक विज्ञान, हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी विषय के शिक्षक विद्यालय में नहीं हैं. फिलहाल विद्यालय में विज्ञान विषय के दो और उर्दू विषय का एक शिक्षक पदस्थापित है.
उर्दू शिक्षक के स्थानांतरण से और बढ़ेगी परेशानी
प्रभारी एचएम के अनुसार, विद्यालय में कार्यरत उर्दू शिक्षक का अगले माह स्थानांतरण होने की संभावना है. यदि उनका स्थानांतरण हो जाता है तो विद्यालय में मात्र चार शिक्षक रह जाएंगे.
इन चार शिक्षकों में से एक को प्रभारी प्रधानाध्यापक का दायित्व भी संभालना होगा. ऐसे में विषयवार शिक्षकों की कमी और बढ़ने की आशंका है.
बीईओ को दी गयी शिक्षक कमी की जानकारी
प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन कुमार ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी की स्थिति से बीईओ को अवगत कराया जा चुका है. विषयवार शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.
विद्यालय में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की कमी को लेकर अभिभावकों में भी चिंता है.
एक-दो माह में कमी दूर होने की उम्मीद
इस संबंध में पूछे जाने पर बीडीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि विभागीय स्तर पर शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि एक-दो माह में विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर हो जाएगी.
यह भी पढ़ें
Darbhanga News: 20 नवंबर को चीनी मिल की आधारशिला, 26 हजार किसानों ने कराया निबंधन
