Darbhanga News: जीविका ने किया है महिलाओं का आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण - डीएम

Darbhanga News:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले की 96000 से अधिक महिला लाभुकों के बैंक खातों में दस-दस हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी है.

Darbhanga News: दरभंगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले की 96000 से अधिक महिला लाभुकों के बैंक खातों में दस-दस हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी है. अब तक इस योजना से जिले के 04 लाख 85 हजार से अधिक जीविका दीदियां लाभान्वित हुई है. राज्य मुख्यालय से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला, प्रखंड, संकुल संघ और ग्राम संगठन स्तर पर किया गया. समाहरणालय सभागार में डीएम कौशल कुमार की उपस्थिति में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया.

प्रदर्शन के आधार पर दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता

डीएम ने कहा कि जीविका दीदियों की मेहनत, अनुशासन और लगन ने संगठन को नई ऊचाइयों तक पहुंचाया है. कहा कि जीविका ने बिहार की महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण किया है. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिलने वाले 10 हजार रुपये स्वरोजगार की दिशा में महिलाओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान कर रहा है. कहा कि आने वाले महीनों में महिलाओं के रोजगार का आकलन किया जाएगा. प्रदर्शन के आधार पर दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी. उम्मीद जताई कि महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर “लखपति दीदी ” बनेंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगी. एसपीएम समीर कुमार ने कहा कि जीविकोपार्जन के सभी क्षेत्रों में जीविका दीदियां बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है. स्वरोजगार के माध्यम से पूरे देश में अपनी पहचान गढ़ रही है.

योजना से जीविका दीदियां काफी उत्साहित- डॉ ऋचा

डीपीएम डॉ ऋचा गार्गी ने कहा कि जीविका दीदियां इस योजना से अत्यधिक उत्साहित हैं. कोई सिलाई मशीन खरीदकर रोजगार शुरू कर रही हैं तो कोई फोटोकॉपी मशीन लगाकर स्वरोजगार से जुड़ रही हैं. कई महिलाएं छोटी-छोटी दुकानें खोल रही हैं. कई पशुपालन और कृषि कार्यों में पूंजी लगाकर आजीविका के नए अवसर तलाश रही हैं. कुछ महिलाएं घरेलू उत्पादन द्वारा सामग्री निर्माण कर स्थानीय बाजार में अपनी पहचान बना रही हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >