कृष्ण जन्माष्टमी पर दरभंगा के इस्कॉन मंदिर में कोने-कोने पर रहेगी पुलिस, प्रशासन अलर्ट

शुभंकरपुर स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी की तैयारियों का डीएम और एसएसपी ने जायजा लिया. मंदिर परिसर और आसपास सीसीटीवी से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी.

दरभंगा में कृष्ण जन्माष्टमी के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन को लेकर दरभंगा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मंगलवार को डीएम कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से शुभंकरपुर स्थित इस्कॉन मंदिर का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया.

मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही की जानकारी ली. इसके अलावा पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गयी.

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने मंदिर तक पहुंचने और वापस लौटने वाले मार्गों की भी जानकारी ली, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो.

आपात स्थिति से निपटने की भी तैयारी

डीएम कौशल कुमार ने कहा कि जन्माष्टमी के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. आपात स्थिति से निपटने के लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं.

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है. उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मना सकें.

CCTV से होगी निगरानी, तैनात रहेगा पुलिस बल

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. मंदिर परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी.

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी. भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक कदम उठाये जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे.

अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन से ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर कुमार गौरव समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी.

प्रशासन का जोर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर रखने पर है. जन्माष्टमी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है.

यह भी पढे़ं:

पुरानी पेंशन की मांग पर दरभंगा में कर्मचारियों का काला दिवस, निकाली गई रैली

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >