दरभंगा: एनजीटी के आदेश पर गंगासागर और दिग्घी पोखर से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू

दरभंगा में गंगासागर और दिग्घी पोखरों से अवैध अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान शुरू हो गया है। जिला प्रशासन एनजीटी के आदेश का पालन करते हुए इन ऐतिहासिक जलस्रोतों को मुक्त करा रहा है।

Darbhanga News: राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश के अनुपालन में जिला प्रशासन ने शहर के गंगासागर और दिग्घी पोखर को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है. दोनों तालाबों में अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों और अन्य स्थायी निर्माणों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की जा रही है. बुधवार को एक साथ भूमि की मापी और अतिक्रमण हटाने का कार्य जारी रहा.

मापी के साथ तोड़े जा रहे अवैध निर्माण

अभियान के तहत अधिकारियों की मौजूदगी में पोखर की ओर बने हिस्सों की मापी कर अतिक्रमण की सीमा तय की जा रही है. इसके साथ ही चिन्हित स्थायी निर्माणों को मजदूरों और जेसीबी मशीन की मदद से हटाया जा रहा है. मौके पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल और बड़ी संख्या में मजदूर तैनात रहे.

यह भी पढ़ें: बागमती में डूबे युवक का 19 घंटे बाद मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

विभिन्न विभागों के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति

जिला प्रशासन ने अभियान के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की है. गंगासागर पोखर के लिए नगर प्रबंधक रवि अमर नाथ, कृषि समन्वयक राम बाबू सहनी और जोन प्रभारी राकेश राम को जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं दिग्घी पोखर के लिए सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी शांति रमण, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार तथा जोन प्रभारी मुन्ना राम को प्रतिनियुक्त किया गया है.

उप नगर आयुक्त कर रहे निगरानी

उप नगर आयुक्त जयचंद्र अकेला को अभियान का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. वे स्वयं स्थल पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं. सदर अंचलाधिकारी ने बताया कि पटना उच्च न्यायालय में लंबित मामलों से संबंधित स्थलों को छोड़कर अन्य सभी अवैध अतिक्रमण बिहार लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम के तहत हटाए जा रहे हैं.

उप नगर आयुक्त जयचंद्र अकेला ने बताया कि प्रशासन के निर्देश के आलोक में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है. अभियान के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं और वरीय अधिकारी लगातार इसकी निगरानी कर रहे हैं. दोनों पोखरों के पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त होने तक अभियान जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Satish kumar

26 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय हैं. साहित्य, संस्कृति, कला तथा खेल गतिविधियों में इनकी विशेष अभिरुचि है. ये पत्रकारिता के बदलते स्वरूप को समय की मांग समझते हैं, जबकि प्रिंट को उसकी मूल आत्मा मानते हैं. साहित्य, संस्कृति, कला तथा खेल गतिविधियों में इनकी विशेष अभिरुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >