IGNOU BEd Admission 2026: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जनवरी 2026 सत्र के बीएड कार्यक्रम में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 20 एवं 21 जुलाई को इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, दरभंगा में आयोजित होगी. दरभंगा क्षेत्रीय केंद्र को नोडल केंद्र बनाया गया है, जहां दरभंगा और सहरसा क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत आने वाले 20 जिलों के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई जाएगी.
165 सीटों के लिए जारी हुई मेरिट सूची
क्षेत्रीय निदेशक डॉ शालिनी ने बताया कि इस सत्र में कुल 165 सीटों (150 नियमित एवं 15 ईडब्ल्यूएस) के लिए मेरिट सूची जारी कर दी गई है. अध्ययन केंद्र के रूप में दरभंगा का जाकिर हुसैन टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, पूर्णिया का मिल्लिया फखरुद्दीन बीएड कॉलेज तथा मधुबनी का मिल्लत टीचर ट्रेनिंग कॉलेज निर्धारित किए गए हैं.
कटऑफ के अनुसार अनारक्षित वर्ग के लिए 78, ईडब्ल्यूएस के लिए 74, ओबीसी-एनसीएल के लिए 75, अनुसूचित जाति के लिए 66 तथा अनुसूचित जनजाति के लिए 45 अंक निर्धारित किए गए हैं.
मूल प्रमाणपत्र के साथ उपस्थित होना अनिवार्य
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों का स्नातक के साथ नियमित डीएलएड अथवा डीएड उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. सभी चयनित अभ्यर्थियों को 20 एवं 21 जुलाई की सुबह 10 बजे सभी मूल प्रमाणपत्रों और उनकी एक-एक छायाप्रति के साथ इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, दरभंगा में उपस्थित होना होगा.
अनुपस्थित रहने पर नहीं मिलेगा दूसरा मौका
इग्नू ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा. कटऑफ सूची इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, दरभंगा की वेबसाइट पर उपलब्ध है.
