ICT Lab Darbhanga: जिले के आइसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लास से आच्छादित विद्यालयों में 12 अगस्त को आइसीटी लैब और स्मार्ट क्लास का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित है. इसे लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से सभी संबंधित विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं.
जारी आदेश में कहा गया है कि उद्घाटन की निर्धारित तिथि तक सभी नवस्थापित आइसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लास को क्रियाशील कर छात्र-छात्राओं के उपयोग में लाया जाए. विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोडल शिक्षकों के माध्यम से आइसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लास का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
11 अगस्त तक पूरी करनी होगी तैयारी
सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने स्तर से उद्घाटन की तैयारियों की समीक्षा करने और 11 अगस्त तक सभी आवश्यक कार्य पूरे कराने को कहा गया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान की ओर से 8 अगस्त को जारी पत्र में यह निर्देश दिया गया है.
स्मार्ट क्लास वाले स्कूलों में इंटरनेट अनिवार्य
इधर, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने स्मार्ट क्लास वाले विद्यालयों में इंटरनेट सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. राज्य परियोजना निदेशक धर्मेंद्र कुमार ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है.
परिषद के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए इंटरनेट जरूरी है. स्मार्ट क्लास वाले प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक-प्रधान शिक्षक के लैपटॉप-मॉडेम के माध्यम से इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है.
ड्राफ्ट एसएसए फ्रेमवर्क के तहत कंपोजिट स्कूल ग्रांट में उपलब्ध राशि से प्राथमिकता के आधार पर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है. जिन विद्यालयों में पहले से बीएसएनएल के माध्यम से इंटरनेट कनेक्टिविटी दी गयी है, वहां प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के स्तर से इसकी जांच करायी जाएगी. आवश्यकता होने पर अन्य इंटरनेट सेवा प्रदाता के माध्यम से भी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
दरभंगा में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान संजय कुमार ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, प्रधानाध्यापकों-प्रधान शिक्षकों और नोडल शिक्षकों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है.
