सरकार के 100 दिन पूरे होने पर विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं, मंत्री मदन सहनी ने गिनाई उपलब्धियां

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार ने अपने 100 दिन पूरे किए. इस अवसर पर समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में मद्यनिषेध मंत्री मदन सहनी ने सरकार की शिक्षा, रोजगार, उद्योग, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की प्रमुख उपलब्धियों को साझा किया. जिले में औद्योगिक विकास के लिए भूमि अधिग्रहण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई.

Darbhanga News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई.

शिक्षा, रोजगार और उद्योग पर सरकार का विशेष फोकस

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मदन सहनी ने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार, उद्योग, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि सात निश्चय पार्ट-3 के तहत प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. वहीं जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 385 एकड़ भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव है, जिससे नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे.

शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में बताया गया कि जिले में 19 सरस्वती विद्या निकेतन संचालित हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आठ नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं. डिजिटल शिक्षा के तहत 593 लाइव क्लास आयोजित की गई हैं. इसके अलावा दिव्यांगजनों के 393 आवेदनों की स्वीकृति के बाद उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं.

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की उपलब्धियां भी बताईं

अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 4,41,486 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिल रहा है. वहीं 72,074 नए आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए हैं. जन समस्याओं के समाधान के लिए 211 सहयोग शिविर आयोजित किए गए, जिनमें प्राप्त 14,798 आवेदनों में से 13,427 का निष्पादन किया गया. इसके अतिरिक्त 308 पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, कर्मियों और जीविका दीदियों को मंत्री मदन सहनी एवं जिलाधिकारी कौशल कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.

इस अवसर पर एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता सलीम अख्तर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >