Hayaghat News: एपीएम थाना क्षेत्र के रउता चौर स्थित एक ईंट भट्ठा के समीप पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. मृतका की पहचान बलहा गांव निवासी बिंदा सहनी की पुत्री रिभा कुमारी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
भैंस के झटके से गहरे पानी में चली गई किशोरी
स्थानीय मुखिया रामस्वरूप पासवान ने बताया कि रिभा अपनी मां के साथ रविवार शाम करीब चार बजे भैंस को नहलाने के लिए रउता चौर गई थी. भैंस की रस्सी पकड़कर जैसे ही वह पानी भरे गड्ढे में उतरी, भैंस ने अचानक जोरदार झटका दे दिया. इससे वह संतुलन खोकर गहरे पानी में चली गई और डूबने से उसकी मौत हो गई.
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है.
