Darbhanga News: गौरी बियाहन चलला महादेव, बसहा बरद पर फेरन जटा

Darbhanga News:महाशिवरात्रि पर पूरा श्रद्धालु समाज देवाधिदेव महादेव के रंग में रंगा रहा.

Darbhanga News: दरभंगा. महाशिवरात्रि पर पूरा श्रद्धालु समाज देवाधिदेव महादेव के रंग में रंगा रहा. अहले सुबह से शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की कतार लगी रही. हर-हर महादेव के जयघोष से चारों दिशाएं अनुगूंजित होती रही. वातावरण में पारंपरिक नचारी-महेशवाणी के बोल भक्ति रस घोलते रहे. दोपहर बाद तक जलाभिषेक के लिए भक्तों की कतार लगी रही. संध्या काल भगवान शिव का आकर्षक शृंगार किया गया. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मनोकामना पूर्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. महाशिवरात्रि पर बुधवार को सुबह उठकर लोगों ने पवित्र जल से स्नान किया. इसके बाद पूजा की थाल सजा शिवालय के लिए निकल पड़े. वहां कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर गंगा जल, गाय के दूध आदि से जलाभिषेक किया. फूल, बेलपत्र, चंदन आदि अर्पित किया. इसमें महिलाओं की संख्या अधिक नजर आयी. भीड़ का आलम यह था कि दोपहर बाद तक जलाभिषेक करने वालों की कतार लगी रही. इसे लेकर माधवेश्वरनाथ, पंचानाथ, हजारीनाथ, द्रवेश्वरनाथ, प्रज्ञेश्वरनाथ, वटेश्वरनाथ, केएम टैंक शिवालय सहित सभी शिवालयों में लंबी कतारें लगी रही. जयघोष से वातावरण गुंजायमान होता रहा. इधर इस अवसर पर जगह-जगह से शिव बरात की मनोहारी झांकियां निकाली गई. भगवान शिव, माता पार्वती, जगत के पालक देवता भगवान विष्णु आदि के साथ भूत-बैताल आदि के स्वरूप लोगों का ध्यान खींचते रहे. गाजे-बाजे के धुन पर उत्साही युवा भक्त झूमते चल रहे थे. सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल के जवान साथ-साथ चल रहे थे. जिधर से झांकी गुजरती रही, दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ती रही. वहीं देर रात विधानपूर्वक शिव विवाह का अनुष्ठान संपन्न किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु समवेत रहे. बता दें कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपवास रखा था. कुछ ने संध्या काल व्रत खंडित किया, वहीं कुछ गुरुवार की सुबह जलार्पण के पश्चात पारण करेंगे. खासकर युवतियों ने भगवान शिव के समान आदर्श पति की कामना के साथ व्रत रखा. इधर, इस बार शिवालयों में भक्तों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्तर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. विशेष कर माधवेश्वर मंदिर परिसर में सुबह से ही पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला जवान तैनात थे. भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए बारी-बारी से छोटे-छोटे समूह में श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा था. केएम टैंक सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >