दरभंगा: परिवार का एकमात्र कमाने वाला गैरेज संचालक की ट्रक की चपेट में आने से मौत

दरभंगा के मनीगाछी थाना क्षेत्र में गैरेज संचालक ललित साहू की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला था और अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों समेत बड़ा परिवार छोड़ गया है. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा से कुमार रोशन की रिपोर्ट

Darbhanga News: जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा गैरेज संचालक की मौत हो गई. हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. घटना राजा टोल प्लाजा के समीप हुसैनी टोला के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक की पहचान भंडारीसम वार्ड संख्या-14 निवासी 26 वर्षीय ललित साहू के रूप में हुई है.

गैरेज खोलने जा रहा था युवक

बताया जाता है कि ललित साहू रोज की तरह सोमवार सुबह करीब सात बजे अपनी गैरेज खोलने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक की टक्कर एक ट्रक से हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ललित ट्रक के नीचे आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.

बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बाइक पर एक अन्य व्यक्ति भी सवार था, जिसे मामूली चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर थाना ले गई.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक के छोटे भाई अजीत कुमार साहू ने बताया कि ललित गैरेज चलाकर पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था. परिवार में वृद्ध माता-पिता, दो भाई और दो बहन हैं. इसके अलावा उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे भी हैं. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसी के कंधों पर थी. उसकी असमय मौत से परिवार गहरे संकट में आ गया है.

गांव में शोक की लहर

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है.

ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी

मनीगाछी थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है. चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

उन्होंने बताया कि अब तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >