Food Price: खाद्य तेल और किराना सामग्री की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है. दरभंगा में पिछले एक सप्ताह के दौरान कई जरूरी खाद्य पदार्थों की कीमतों में 12 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है. चीनी, दाल, मैदा, बेसन, सूजी, चावल और खाद्य तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं.
व्यापारियों के अनुसार आने वाले त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में मांग बढ़ने से कीमतों पर दबाव बना रह सकता है. नई फसल की आवक शुरू होने तक कई खाद्य वस्तुओं के भाव ऊंचे स्तर पर बने रहने की संभावना है.
वैश्विक बाजार और माल ढुलाई का असर
थोक कारोबारियों के अनुसार वैश्विक बाजार में खाद्य तेल की ऊंची कीमत, माल ढुलाई की बढ़ती लागत और रुपये की कमजोरी का असर घरेलू बाजार पर पड़ा है. आयातित खाद्य तेल महंगा होने के कारण रिफाइन तेल समेत दूसरे खाद्य तेलों की कीमतों में भी तेजी आई है.
किराना कारोबारियों का कहना है कि त्योहारों को लेकर बाजार में मांग बढ़ने लगी है. ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों में और उछाल की आशंका बनी हुई है.
चीनी के दाम में सबसे ज्यादा उछाल
पिछले सात दिनों में चीनी की कीमत 50 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो हो गई है. वहीं मसूर दाल 75 से 90 रुपये, चना दाल 80 से 95 रुपये और मैदा 40 से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गया है.
बेसन की कीमत 85 से बढ़कर 100 रुपये और सूजी 60 से बढ़कर 80 रुपये किलो हो गई है. मूंग दाल अब 115 से बढ़कर 130 रुपये किलो बिक रही है. अरवा चावल की कीमत भी 50 से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गई है.
खाद्य तेल भी हुआ महंगा
खाद्य तेल की कीमतों में भी तेजी देखी गई है. डबल हाथी तेल 160 से बढ़कर 185 रुपये किलो हो गया है, जबकि रिफाइन तेल 155 से बढ़कर 170 रुपये किलो बिक रहा है.
कारोबारियों का कहना है कि यदि खाद्य तेल की आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है.
सात दिनों में प्रमुख खाद्य वस्तुओं के दाम
| खाद्य सामग्री | पहले की कीमत | मौजूदा कीमत |
| चीनी | ₹50 | ₹70 |
| मसूर दाल | ₹75 | ₹90 |
| चना दाल | ₹80 | ₹95 |
| मैदा | ₹40 | ₹60 |
| बेसन | ₹85 | ₹100 |
| सूजी | ₹60 | ₹80 |
| मूंग दाल | ₹115 | ₹130 |
| अरवा चावल | ₹50 | ₹60 |
| डबल हाथी तेल | ₹160 | ₹185 |
| रिफाइन तेल | ₹155 | ₹170 |
