Darbhanga: तीन स्कूलों में घुसा बाढ़ का पानी, पठन-पाठन ठप, कोसी का कटाव तेज

कोसी व कमला बलान नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मिनियां, प्रावि पोखर व मध्य विद्यालय समौरा के भवन व परिसर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है

कुशेश्वरस्थान पूर्वी. कोसी व कमला बलान नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मिनियां, प्रावि पोखर व मध्य विद्यालय समौरा के भवन व परिसर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. इसे लेकर इन तीनों विद्यालय में पठन-पाठन ठप हो गया है. वहीं उसड़ी पंचायत के अरराही, इटहर पंचायत के चौकिया, लक्ष्मीनियां, उजुआ-सिमरटोका पंचायत के बुढ़िया-सुकरासी, गैजोडी, झाझा सहित आधा दर्जन गांवों का यातायात प्रभावित हो गया है. बता दें कि कोसी व कमला बलान नदी के जलस्तर में शुक्रवार को दूसरे दिन भी वृद्धि जारी रही. कमला बलान नदी के जलस्तर में वृद्धि से इटहर पंचायत के लक्ष्मिनियां, चौकियां व इटहर पोखर गांव पानी से पूरी तरह घिर गये हैं. वही कोसी नदी के पानी से उसड़ी पंचायत और उजुआ-सिमरटोका व तिलकेश्वर पंचायत के कई गांव प्रभावित हो गये हैं. बाढ़ के पानी में डूब चुकी ग्रामीण सड़कों से लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इटहर पंचायत के प्रवीण कुमार, घमश्याम ठाकुर, रंजीत कुमार, जय प्रकाश गुप्ता राम विनोद पासवान व जगदीश राम बताते हैं कि कमला बलान के जलस्तर में वृद्धि जारी है. चारों ओर से गांव पानी से घिर गया है. रोजमर्रा की आवश्यकता नाव से पूरी हो रही है. सरकारी स्तर पर नाव चलायी जा रही है. इधर कोसी के जलस्तर में वृद्धि से छोटकी कोनियां गांव में कटाव धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है. गांव के राधाकान्त मुखिया बताते हैं कि रामजतन मुखिया का घर पूरी तरह कटाव की चपेट में आ गया है. कटाव से बचाव के लिए पिछले साल कुछ बोरी में मिट्टी भरकर जमा कर अभिकर्ता गायब हो गये. गांव के लोग अपने स्तर से किसी तरह कटाव को रोकने का प्रयास कर रहे हैं. इधर अरराही निवासी प्रवीण कुमार ने सड़क पर बाढ़ का पानी आ जाने पर सरकारी स्तर पर नाव चलवाने की मांग की है. इस संंबंध में सीओ गोपाल पासवान ने जलस्तर में हो रही वृद्धि की पुष्टि करते हुए बताया कि नाव की संख्या बढ़ायी जा रही है. जैसे-जैसे आवश्यकता हो रही है, नाव दी जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >