Darbhanga: सिंहवाड़ा में चोरों का तांडव, एक ही रात पांच घर में चोरी

शंकरपुर पंचायत के विश्वनाथपट्टी वार्ड 14 में बुधवार की रात चोरों ने पांच घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया.

सिंहवाड़ा. शंकरपुर पंचायत के विश्वनाथपट्टी वार्ड 14 में बुधवार की रात चोरों ने पांच घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर ढाई लाख नकद सहित दस लाख से अधिक के जेवरात ले उड़े. सूचना पर पहुंची सिंहवाड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वीरेंद्र प्रसाद के घर से दो लाख नकद सहित छह लाख से अधिक के जेवरात की चोरी हुई है. वहीं सपना देवी के घर से चोर मात्र एक सौ 90 रुपए ही चुरा सके. बताया जाता है कि चोरों ने वीरेंद्र प्रसाद, सुगंधा कुमारी, अधिक कुमार, गीता देवी व सपना देवी के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया. वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि घर से साढ़े तीन भर के सोने की हार की चोरी हुई है. साथ ही तीन जोड़ी कान के झुमके, नाक की नथिया व चांदी के जेवर समेत दो लाख नकद गायब है . गृहस्वामी जिस घर में सोए थे, चोरों ने उस घर को बंद कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. वहीं सुगंधा कुमारी ने बताया कि उसके घर से सोने-चांदी के जेवर समेत 25 हजार नकद चोरी हुई है. अधिक कुमार का कहना है कि उनके यहां 50 हजार नकद व एक चांदी की हंसुली गायब हुई है. गीता देवी ने बताया कि उसके घर से दो भर सोने के जेवर चोर ले गये, जबकि सपना देवी का कहना है कि घर से चोर मात्र 190 रुपया ही ले जा सके. इस बीच चोरों ने कई बख्शा एवं गोदरेज का ताला तोड़ दिये. लोगो के जगने की आहट सुनकर चोर मौके से भाग निकले. इधर क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है. कभी घर में तो कभी बाइक की चोरी आम हो गयी है. इलाके के लोग चोर के आतंक से परेशान हैं. इस संबंध में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है. अबिलंब चोरों की गिरफ्तारी कर चोरी कांड का उद्भेदन कर दिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >