प्रतिनिधि, दरभंगा. बहेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में जेसीबी से खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई. घटना से गांव में मातम पसर गया. परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही बरसात के मौसम में खुले छोड़ दिए जाने वाले ऐसे गड्ढों को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए कार्रवाई की मांग की है. मृतक की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के बनडुहली निवासी गौरी शंकर मंडल के 10 वर्षीय पुत्र आदर्श कुमार के रूप में हुई है. वह गांव के सरकारी विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र था. मृतक के मामा ओम प्रकाश कुमार ने बताया कि आदर्श अपनी मां और भाई-बहनों के साथ ननिहाल, मधुबन वार्ड संख्या-11 में रहता था. उसके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं. गुरुवार की सुबह उसके नाना-नानी खेत में काम करने गए थे. इसी दौरान आदर्श भी वहां पहुंच गया और खेलते-खेलते जेसीबी से खोदे गए पानी भरे गड्ढे में गिर गया. काफी देर तक जब वह दिखाई नहीं दिया तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. आशंका होने पर गड्ढे में खोजबीन की गई, जहां से उसे बाहर निकाला गया. आनन-फानन में उसे बहेड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. आदर्श दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद ग्रामीणों ने जेसीबी से मिट्टी कटाई के बाद खुले छोड़ दिए जाने वाले गहरे गड्ढों पर सवाल उठाए. लोगों का कहना है कि बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाने से वे तालाब का रूप ले लेते हैं. पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. ग्रामीणों ने ऐसे गड्ढों को तत्काल भरवाने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
जेसीबी से खोदे गए पानी भरे गड्ढे में डूबने से पांचवीं कक्षा के छात्र की मौत
दरभंगा के बहेड़ी में जेसीबी से खोदे गए पानी भरे गड्ढे में डूबने से पांचवीं कक्षा के छात्र की दर्दनाक मौत, परिजनों ने मुआवजे की मांग की।

पोस्टमार्टम परिसर में मौजूद परिजन | Prabhat Khabar Network