Darbhanga : दरभंगा. फेकला थानाध्यक्ष मोती कुमार ने चालक सिपाही देव कुमार को चांटा मार दिया. सिपाही की शिकायत पर एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी की ओर से करायी गयी जांच में आरोप को सत्य पाया गया. पुलिस कप्तान ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि सर्किल इंस्पेक्टर ने मामले की जांच की थी. कार्रवाई की जा रही है. कहा कि गाली देने की बात सामने नहीं आयी है. बता दें कि चालक सिपाही देव कुमार पासवान की ओर से थानाध्यक्ष पर गाली-गलौज सहित जाति सूचक शब्द के प्रयोग का आरोप लगाते हुए एसएसपी व पुलिस मेंस एसोसिएशन को आवेदन दिया गया था. एसएसपी ने जांच की जिम्मेदारी सर्किल इंस्पेक्टर को दी थी. बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व फेकला थाना क्षेत्र के हरिपट्टी गांव में एक घर में एक ट्रक घुस गया था. ग्रामीणों ने इसकी सूचना थानाध्यक्ष को दी. थानाध्यक्ष ने चालक सिपाही को तत्काल तैयार होकर चलने को कहा. काफी देर तक चालक सिपाही नहीं पहुंचा. इधर, थानाध्यक्ष को लाेग लगातार फोन कर रहे थे. ग्रामीणों के फोन से परेशान थानाध्यक्ष, चालक सिपाही के देर से आने पर नाराज हो गये थे. थानाध्यक्ष मोती कुमार ने गाली-गलौज व अपशब्द बोलने जैसी बात से इंकार किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
