बारिश के बाद जलजमाव से लोग परेशान, नाला सफाई के दावों पर उठे सवाल

दरभंगा में मानसून की पहली बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई के दावों की पोल खोल दी है. शहर के कई वार्डों में जलजमाव की समस्या से लोग परेशान हैं. नगर निगम ने एक्शन लेते हुए क्विक रिस्पॉन्स टीमों का गठन किया है.

Darbhanga News: मानसून से पहले नगर निगम ने शहर के सभी नालों की शत-प्रतिशत सफाई का दावा किया था, लेकिन बारिश शुरू होते ही इन दावों पर सवाल उठने लगे हैं. शहर के करीब एक दर्जन वार्डों के मुख्य नालों में अब भी जलकुंभी और गाद जमा है, जिससे जलनिकासी प्रभावित हो रही है. कई इलाकों में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या पैदा हो गई है.

जलनिकासी बाधित, लोगों को हो रही परेशानी

नालों में कचरा और गाद जमा रहने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है. इसका असर मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर भी दिख रहा है, जहां बारिश के बाद लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की प्रभावी सफाई कराई जाती तो यह स्थिति नहीं बनती.

जलजमाव से निपटने के लिए बनाई गईं आठ क्यूआरटी

जलजमाव की बढ़ती शिकायतों के बाद नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई के लिए आठ क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की हैं. ये टीमें विभिन्न वार्डों में नालों की सफाई, जलकुंभी हटाने और जलनिकासी बहाल करने में जुटी हैं. हालांकि, कई इलाकों में अब भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है.

34 वाहन और सुपर सकर मशीन भी लगी

नगर प्रबंधक रवि अमरनाथ ने बताया कि जलनिकासी कार्य में 34 बड़े और छोटे दमकल वाहनों के अलावा सुपर सकर मशीन और जीटी मशीन को भी लगाया गया है. जहां से भी जलजमाव की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल टीम भेजकर समस्या दूर करने का प्रयास किया जा रहा है.

वार्ड पार्षद ने जताई नाराजगी

वार्ड पार्षद आशुतोष कुमार ने आरोप लगाया कि चार माह पहले ही मुख्य नालों की सफाई को लेकर नगर आयुक्त को पत्र भेजा गया था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि कई प्रमुख नालों में आज भी जलकुंभी तैर रही है, जो सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को दर्शाती है.

निगम ने दिया समाधान का भरोसा

प्रभारी नगर आयुक्त जय चंद्र अकेला ने कहा कि जलजमाव की समस्या को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अतिरिक्त क्विक रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती की गई है और नालों की सफाई का कार्य लगातार जारी है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को न्यूनतम परेशानी हो.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >