दरभंगा: DMCH में एंटी रेबीज का स्टॉक खत्म, वैक्सीन नहीं मिलने पर मरीजों ने किया हंगामा

दरभंगा के DMCH अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन (ARV) का स्टॉक खत्म हो गया है. इस वजह से जानवरों के काटने के बाद इलाज कराने आए मरीजों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. वैक्सीन न मिलने से नाराज मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया.

दरभंगा: डीएमसीएच में एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) का स्टॉक खत्म होने से बुधवार को मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वैक्सीन नहीं मिलने से नाराज मरीजों और परिजनों ने पीएसएम विभाग में हंगामा किया. मरीजों का कहना था कि कुत्ते, बंदर या अन्य जानवरों के काटने के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन लेना जरूरी होता है, लेकिन अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बाहर से खरीदने की मजबूरी है.

रोजाना चार दर्जन से अधिक एनिमल बाइट मरीज

जानकारी के अनुसार, डीएमसीएच के पीएसएम विभाग में रोजाना चार दर्जन से अधिक एनिमल बाइट के मरीज पहुंचते हैं. इनमें बड़ी संख्या कुत्ते के काटने वाले मरीजों की होती है.

ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए डीएमसीएच पहुंचते हैं. सरकारी अस्पताल में नि:शुल्क वैक्सीन मिलने की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को स्टॉक खत्म होने की जानकारी मिलने के बाद निराश होकर लौटना पड़ रहा है. बताया गया कि मंगलवार को भी अधिकांश मरीज बिना वैक्सीन लिये वापस चले गये.

पूर्व सूचना के बावजूद नहीं पहुंची वैक्सीन

बताया जाता है कि पीएसएम विभाग की ओर से वैक्सीन की आपूर्ति को लेकर पहले ही सूचना दी गयी थी. इसके बावजूद अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं करायी जा सकी. इससे मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी और बढ़ गयी.

बुधवार को विभाग में पहुंचे कई मरीजों ने तत्काल वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की. वैक्सीन नहीं मिलने को लेकर कुछ देर तक अस्पताल परिसर में अफरातफरी की स्थिति बनी रही.

दूर-दराज से पहुंचे मरीजों की बढ़ी चिंता

सबसे अधिक परेशानी दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को हुई. मरीजों और परिजनों का कहना था कि जानवर के काटने के बाद वैक्सीन की निर्धारित खुराक समय पर लेना जरूरी होता है. ऐसे में अस्पताल में स्टॉक खत्म होने से उपचार को लेकर चिंता बढ़ गयी है.

मरीजों ने कहा कि अस्पताल प्रशासन को वैक्सीन की उपलब्धता के लिए पहले से व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि स्टॉक खत्म होने की स्थिति में मरीजों को बाहर से वैक्सीन खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े.

आपूर्ति की प्रक्रिया जारी

अस्पताल प्रशासन की ओर से पूर्व में वैक्सीन की मांग भेजे जाने की बात कही गयी है. आपूर्ति नहीं होने के कारण फिलहाल मरीजों को परेशानी हो रही है. विभागीय स्तर पर वैक्सीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है.

मरीजों और उनके परिजनों ने जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि रोजाना डीएमसीएच पहुंचने वाले एनिमल बाइट के मरीजों को समय पर उपचार मिल सके.

यह भी पढ़ें

दरभंगा: 30+ लोगों की घर-घर होगी स्वास्थ्य जांच, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार मिश्रा

अजय कुमार मिश्रा पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. स्वास्थ्य, एयरपोर्ट, परिवहन, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण रिपोर्टिंग इनकी पहचान है. आम जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना इनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >